उत्तर प्रदेशसोनभद्र

Sonbhadra news:भीषण गर्मी पर प्रशासन सख्त: सोनभद्र में बदला स्कूलों का समय

लू के कहर से बचाव के लिए बड़ा फैसला—अब सुबह 7:30 से दोपहर 12 बजे तक ही संचालित होंगे सभी विद्यालय

  • सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_
    जनपद में लगातार बढ़ रही तपिश और लू के प्रचंड प्रकोप को देखते हुए प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण और राहत भरा निर्णय लिया है। जिलाधिकारी  बी०एन० सिंह ने बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालयों के समय में तत्काल प्रभाव से परिवर्तन करने के निर्देश जारी किए हैं। जारी आदेश के अनुसार जनपद के समस्त परिषदीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त विद्यालयों के साथ-साथ सीबीएसई एवं आईसीएसई बोर्ड से संचालित हिन्दी एवं अंग्रेजी माध्यम के स्कूल अब प्रातः 7:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक ही संचालित होंगे। यह व्यवस्था तब तक प्रभावी रहेगी, जब तक भीषण गर्मी और लू का प्रभाव बना रहेगा।
    जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान मौसम परिस्थितियों में दोपहर के समय तापमान अत्यधिक बढ़ जाता है, जिससे छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका रहती है। ऐसे में विद्यालयों के समय में बदलाव कर बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
    प्रशासन ने सभी विद्यालय प्रबंधनों को निर्देशित किया है कि आदेश का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करें। साथ ही अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे बच्चों को समय से विद्यालय भेजें, हल्के एवं सूती वस्त्र पहनाएं तथा पर्याप्त पानी के साथ भेजकर गर्मी से बचाव के उपायों का विशेष ध्यान रखें।
    इस फैसले से जहां अभिभावकों ने राहत की सांस ली है, वहीं बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में प्रशासन का यह कदम सराहनीय माना जा रहा है।
Back to top button
error: Content is protected !!