A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरे

जनसमस्याओं को लेकर ब्लाक कांग्रेस देवरी ने धरना देकर सौंपा ज्ञापन

सागर। वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी 8225072664*देवरी नगर में व्याप्त विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर नगर के नागरिकों एवं ब्लांक कांग्रेस देवरी के द्वारा नगर पालिका चौराहा पर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया। धरने के माध्यम से नगरवासियों ने अपनी लंबे समय से चली आ रही मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल के नाम 20 सूत्रीय ज्ञापन तहसीलदार देवरी को सौंपा गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में नागरिक, महिलाएं, युवा एवं जनप्रतिनिधि सहित समस्त कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। धरना प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि नगर की जनता प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ पाने के लिए लगातार परेशान हो रही है। पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ समय पर नहीं मिल पा रहा है, जिससे गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने आरोप लगाया कि योजना से संबंधित कार्यों में अनावश्यक देरी एवं अधिकारियों की लापरवाही के कारण आम जनता परेशान है। नगर में पेयजल संकट को लेकर भी लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। नागरिकों ने बताया कि नगर की पुरानी पाइप लाइनों को बिना किसी पूर्व सूचना के बंद कर दिया गया, जिससे कई वार्डों में पानी की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। लोगों को दूर-दूर से पानी लाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। नगरबासियो ने मांग की कि नई पाइप लाइन व्यवस्था सुचारु होने तक पुरानी व्यवस्था चालू रखी जाए तथा नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। ज्ञापन में नगर के कॉम्प्लेक्स में बनी दुकानों के आवंटन की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई। नागरिकों ने आरोप लगाया कि लंबे समय से दुकानें खाली पड़ी हैं लेकिन उनका पारदर्शी तरीके से आवंटन नहीं किया जा रहा है। इससे व्यापारियों एवं बेरोजगार युवाओं में निराशा व्याप्त है। नगर में पर्याप्त स्ट्रीट लाइट नहीं होने के कारण रात के समय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई वार्डों में अंधेरा रहने से दुर्घटना एवं असामाजिक गतिविधियों की आशंका बनी रहती है। नागरिकों ने सभी प्रमुख मार्गों एवं वार्डों में शीघ्र स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की। धरने में शामिल लोगों ने कुछ अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर कार्य कराने के नाम पर पैसों की मांग करने का आरोप भी लगाया। वक्ताओं ने कहा कि आम जनता से अनावश्यक राशि वसूली जा रही है, जिससे लोगों में रोष व्याप्त है। मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई। इसके अलावा नगर में संचालित होने वाले बचनालय/वाचनालय का संचालन सही ढंग से नहीं होने की शिकायत भी ज्ञापन में शामिल रही। नागरिकों ने कहा कि विद्यार्थियों एवं युवाओं के लिए उपयोगी इस सुविधा को नियमित रूप से संचालित किया जाए ताकि अध्ययन करने वाले छात्रों को लाभ मिल सके। नल कनेक्शन के नाम पर अतिरिक्त राशि वसूले जाने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। लोगों ने आरोप लगाया कि निर्धारित शुल्क से अधिक पैसे लिए जा रहे हैं। इस पर तत्काल रोक लगाने एवं दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की गई। नगर की नालियों की नियमित साफ-सफाई नहीं होने से गंदगी एवं जलभराव की समस्या बनी हुई है। नागरिकों ने कहा कि कई स्थानों पर नालियां जाम हैं, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। ज्ञापन में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई। धरना प्रदर्शन के अंत में तहसीलदार देवरी को 20 सूत्रीय ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी गई कि यदि शीघ्र समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो नगरवासी उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। कार्यक्रम में नगर के अनेक गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं समस्त कांग्रेस कार्यकर्ता संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!