अंतरराष्ट्रीय शैक्षिक संगम में बलिया के शिक्षकों व साहित्यकारों का हुआ सम्मान
बलिया। चारबाग( लखनऊ)स्थित अम्बर होटल में सृजन अंतरराष्ट्रीय कला साहित्य संस्कृति, अयोध्या के तत्वावधान में आयोजित “अंतरराष्ट्रीय शैक्षिक संगम, लखनऊ” के अंतर्गत पुस्तक लोकार्पण, शैक्षिक संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए 220 से अधिक शिक्षकों, साहित्यकारों, लेखकों एवं सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। शिक्षा, साहित्य, समाजसेवा एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के सदस्य डॉ. मदन मोहन लाल, लखनऊ विश्वविद्यालय की डॉ. खुशबू वर्मा, लाइफ साइनिफाई के संस्थापक रविशंकर, इग्नू के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. जयप्रकाश वर्मा, राज्य विधि अधिकारी उच्च न्यायालय लखनऊ प्रदीप कुमार गुप्ता तथा राज्य सूचना आयुक्त उत्तर प्रदेश स्वतंत्र प्रकाश गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति रही।
समारोह के दौरान “हिन्दी हमारी पहचान”, “स्वावलंबन”, “सतत संरक्षण, हमारा प्रयास” तथा “काव्य किरण” जैसी महत्वपूर्ण पुस्तकों का लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही आयोजित शैक्षिक संगोष्ठी में हिन्दी भाषा के महत्व, वर्तमान शिक्षा व्यवस्था में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) तकनीक के उपयोग तथा उसके सकारात्मक और नकारात्मक प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि आधुनिक तकनीक के साथ हिन्दी भाषा का समन्वय शिक्षा के क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खोल रहा है।
सम्मान समारोह में जनपद बलिया के शिक्षक एवं साहित्य प्रेमी नन्द लाल शर्मा, प्रसिद्ध साहित्यकार विंध्याचल सिंह ‘बुढऊ’, पूर्व महिला शिक्षक संघ अध्यक्ष रंजना पाण्डेय तथा माया राय को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। बलिया के प्रतिभागियों को मिले सम्मान से जनपद में खुशी का माहौल देखा गया।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा, ज्ञान और संस्कृति का संरक्षण एवं संवर्धन ही एक सशक्त समाज की वास्तविक आधारशिला है। नई शिक्षा नीति और आधुनिक तकनीकों के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर भविष्य प्रदान किया जा सकता है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए संयोजक मनीष देव के प्रति सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों ने आभार व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।













