
नगर निगम उत्तर की महापौर कुंती परिहार देवड़ा अपने कार्यकाल का अंतिम और पांचवां बजट जो मंगलवार पेश किया गया उसी बजट यथावत रखते हुए गुरुवार को बैठक में पढ़ा और इसे बहुमत से पारित कराया। हालांकि, बजट बैठक की शुरुआत ही सत्ता और विपक्षी पार्षदों के बीच तीखी नोकझोंक के साथ हुई और बार-बार हंगामा भी होता रहा।
इससे पहले मंगलवार को निगम उत्तर की बजट बैठक में पार्षद निधि के 25 लाख की जगह 15 लाख के ही विकास कार्य कराने की बात सामने आने पर कांग्रेस के ही पार्षदों ने हंगामा कर दिया था और उनकी बात को मानते हुए महापौर ने बजट सार्वजनिक होने के बाद भी इसे पास कराने की बजाय बैठक ही स्थगित कर दी थी। इसी बैठक को गुरुवार को आगे बढ़ाया गया, तो नेता प्रतिपक्ष ने अपनी बात रखी। इसी दौरान कांग्रेस व भाजपा के पार्षदों में नोकझोंक होती रही। यहां तक कि एकबारगी तो भाजपा के पार्षद वेल में बैठकर नारेबाजी करने लगे। इस दौरान भी कांग्रेसी पार्षदों के आग्रह पर महापौर कुंती देवड़ा ने बजट अभिभाषण जारी रखा। हालांकि, बाद में वरिष्ठ पार्षदों के समझाने पर वे अपने स्थान पर बैठे।
बोले- जोधपुर के 2 टुकड़े करना दुर्भाग्यपूर्ण
शहर विधायक अतुल भंसाली बजट पर अपनी बात रख रहे थे। इसकी शुरुआत में भंसाली ने कहा कि जब बजट यथावत ही रखना था, तो महापौर मंगलवार को ही हम सबकी बात रखकर बैठक को जारी रख सकती थीं। बजट सार्वजनिक होने के बाद और इसके पारित होने से पहले बैठक स्थगित करना शर्मनाक कदम था। इसी दौरान कांग्रेस पार्षद शहाबुद्दीन ने बजट लीक की बात को गलत बताया, तो भंसाली ने कहा कि लीक की बात वो ही कर रहे हैं, जिनकी सरकार को पेपर लीक वाली सरकार के रूप में पहचाना जा रहा है।
भंसाली ने बार-बार पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर कटाक्ष करते हुए जोधपुर निगम के दो टुकड़े कर उत्तर-दक्षिण करने के निर्णय का भी दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। इसी निर्णय को उन्होंने निगम उत्तर में रेवेन्यू नहीं होने के लिए जिम्मेदार ठहराया।
कांग्रेसियों पर टोकने का आरोप
सूरसागर विधायक देवेंद्र जोशी ने कहा कि मंगलवार का घटनाक्रम हो या आज की बैठक, हर बार कांग्रेस के ही पार्षद विपक्ष की भूमिका निभा रहे हैं। वे ही हंगामा कर रहे हैं, बीच-बीच में टोक कर अनावश्यक व्यवधान से माहौल बिगाड़ रहे हैं, क्योंकि वे बजट पर शांतिपूर्ण चर्चा कर सवालों के जवाब देने से बचने की कोशिश में जुटे हैं। निगम उत्तर के बजट को भी उन्होंने आमजन से दूर बताते हुए घोषणाओं को मुंगेरीलाल के हसीन सपने करार दिया।
आरोप निगम उत्तर-दक्षिण कंपनी के इशारे पर नाच रहे
विधायक जोशी ने कहा कि बजट में आम जनता और गरीब की बात क्यों नहीं होनी चाहिए, लेकिन इस बजट में भी यही स्थिति देखने को मिल रही है। उन्होंने शहर में गैस पाइप लाइन बिछाने के नाम पर सड़कों को तोड़ने और बाद में इन्हें दुरुस्त नहीं कर खड्डों को खुला छोड़ने को लेकर एजीएडंपी कंपनी पर निशाना साधा। उल्लेखनीय है कि इससे पहले बुधवार को भी विधायक भंसाली और विधायक जोशी ने इसी कंपनी पर निशाना साधते हुए कहा था कि निगम उत्तर हो या दक्षिण, पूरे शहर की सड़कों को बर्बाद कर दिया गया है, लेकिन कंपनी पर कोई कार्रवाई नहीं करने से जाहिर होता है कि दोनों ही निगम इस एक ठेका कंपनी के इशारे पर नाच रहे हैं।




