
श्री बंशीधर नगर। सिरियाटोंगर स्थित बिरला ओपन माइंड्स इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित तीन दिवसीय रोबोटिक्स कार्यशाला का शनिवार को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ। कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को रोबोटिक्स की आधुनिक तकनीक से रूबरू कराते हुए उन्हें रोबोट असेंबलिंग, कोडिंग, सर्किट डिजाइनिंग और रोबोट संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यशाला का शुभारंभ 20 अगस्त को विद्यालय के निदेशक मनीष सिंह एवं प्राचार्य रविश प्रजापति ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया था। IIT दिल्ली के E&D Cell एवं Techradiance से पहुंचे विशेषज्ञ यश गुप्ता और आराध्या ने विद्यार्थियों को तीन दिनों तक तकनीकी प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण के दौरान छात्रों ने स्वयं रोबोट तैयार करने और उसे संचालित करने का अभ्यास किया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष साधना देवी तथा वरिष्ठ पत्रकार धीरेंद्र चौबे मौजूद रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए रोबोट और उनके प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय बच्चों को आधुनिक तकनीक, नवाचार और व्यावहारिक शिक्षा से जोड़ने की दिशा में बेहतर प्रयास कर रहा है।
समापन दिवस पर रोबोट के माध्यम से फुटबॉल प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने तकनीकी दक्षता, टीम भावना और रचनात्मक सोच का प्रदर्शन किया। कार्यशाला में शामिल सभी विद्यार्थियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार IIT दिल्ली से आए प्रशिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों का लिखित परीक्षा एवं एरिना राउंड के आधार पर चयन किया जाएगा।
विद्यालय के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ने कहा कि बच्चों को आधुनिक शिक्षा के साथ व्यावहारिक ज्ञान उपलब्ध कराने के लिए विद्यालय लगातार प्रयासरत है। निदेशक मनीष सिंह ने कहा कि इस तरह की कार्यशालाएं विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तकनीकी समझ और नवाचार की भावना विकसित करती हैं।
उप-निदेशक युवराज सिंह ने विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए उन्हें नई तकनीकों को सीखने के लिए हमेशा उत्सुक रहने की बात कही। प्राचार्य रविश प्रजापति ने कहा कि ऐसी गतिविधियों से बच्चों में आत्मविश्वास, टीम भावना और समस्या-समाधान की क्षमता मजबूत होती है।
कार्यशाला के समन्वयक राज कुमार, आसिफ अली, राकेश मिश्रा एवं अनामिका प्रजापति रहे। मौके पर भावना ओझा, गार्गी जायसवाल, प्राची पाठक, कोमल केसरी, नीतू सिंह, परामर्शदाता रिचा सिंह, उत्सव उमंग, अभिषेक पांडे, मुकेश कुमार, विकास कुमार, मुस्कान सिंह, मुकेश चंद्रा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।








