
निर्माणाधीन सड़क पर रोलर चालक के रूप में करता था काम, पुलिस ने शुरू की जांच
परिजनों ने जताई बीमारी और शराब की लत की बात, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
जिला ब्यूरो – अमन कुमार सोनी
जनपद फतेहपुर के थाना औंग क्षेत्र के ग्राम विकमपुर में शनिवार सुबह गांव के बाहर खेत में एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान निर्माणाधीन सड़क पर रोलर चालक के रूप में कार्यरत 42 वर्षीय राम सिंह के रूप में हुई है।
थाना औंग क्षेत्र के ग्राम विकमपुर में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई जब ग्रामीणों ने गांव के बाहर खेत में एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने मृतक की पहचान राम सिंह (42 वर्ष) पुत्र गंगा सिंह, निवासी ग्राम टेनी, थाना खागा के रूप में कराई। मृतक के भांजे सचिन सिंह पुत्र रुद्रपाल सिंह, निवासी ग्राम रामपुर ने पुलिस को बताया कि राम सिंह निर्माणाधीन सड़क परियोजना में रोलर चालक के रूप में कार्यरत थे तथा घटनास्थल से लगभग 100 मीटर दूर स्थित एक ट्यूबवेल पर रहते थे। उनका निजी सामान भी वहीं रखा हुआ था।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि राम सिंह लंबे समय से अत्यधिक शराब पीने के आदी थे तथा पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उन्होंने किसी भी प्रकार की रंजिश या अनहोनी की आशंका से इनकार किया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फील्ड यूनिट को मौके पर बुलाकर साक्ष्य संकलित कराए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी की गई और पोस्टमार्टम के लिए जिला मोर्चरी भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है।









