
सीकर. पंडित दीनदयाल उपाध्याय शेखावाटी विश्वविद्यालय, सीकर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर 21 जून को जागरुकता रैली, योगाभ्यास आदि कार्यक्रम होंगे। शेखावाटी विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. (डॉ.) अनिल कुमार राय ने बताया कि इस वर्ष योग दिवस का थीम “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” पर विभिन्न कार्यक्रम होंगे। आयोजन की शुरुआत सुबह 7 बजे जागरूकता रैली से होगी, जो विश्वविद्यालय परिसर से शहीद स्मारक, कटराथल तक जाएंगी। रैली में विश्वविद्यालय के विद्यार्थी, संकाय सदस्य एवं कर्मचारी हिस्सा लेंगे।
मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 7:30 बजे विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. अनिल कुमार राय के उद्बोधन से होगा। प्रो. राय विद्यार्थियों को योग की उपयोगिता के बारे में बताएंगे। इसके बाद 7:40 से 8:40 बजे तक विश्वविद्यालय के विद्यार्थी, संकाय सदस्य एवं कर्मचारी सामूहिक योगाभ्यास करेंगे। योगाभ्यास का संचालन ईश्वर सृष्टि योग एवं नेचुरोपैथी सेंटर, दीनारपुरा के डॉ. आयुष शर्मा और विवि के योग विभाग की डॉ. मनेश कंवर करेंगी। इसके बाद शेखावाटी विश्वविद्यालय के योग विभाग के विद्यार्थियों की ओर से विशेष योगों का प्रदर्शन किया जाएगा। कार्यक्रम के बाद जलपान की व्यवस्था की गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों से इस आयोजन में सहभागिता करने का आह्वान किया है।
कुलगुरु प्रो. (डॉ.) अनिल कुमार राय ने बताया कि विश्व योग दिवस के अवसर पर लोगों को योग के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से यह जागरूकता निकाली जा रही हैं। इस दौरान स्टूडेंट्स योग करें स्वस्थ रहें, करें योग बनेंगे निरोग आदि जागरुकता के नारे भी लगाएंगे।