
गौ रक्षकों की सतर्कता से गायों से भरी पिकअप पकड़ी गई, चालक फरार
विंढमगंज सोनभद्र (राकेश कुमार कन्नौजिया)_
थाना क्षेत्र में शुक्रवार को गौ रक्षकों और ग्रामीणों की सतर्कता से गौ तस्करी का प्रयास नाकाम कर दिया गया। गायों से भरी एक पिकअप वाहन को पकड़ लिया गया, जबकि चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
बताया गया कि पिकअप को रोककर जब तलाशी ली गई तो उसमें कुल छह गायें पाई गईं। इनमें दो दूधारू, एक गर्भवती तथा तीन सामान्य अवस्था में थीं। आशंका जताई जा रही है कि सभी गायों को गौकशी के उद्देश्य से झारखंड की ओर ले जाया जा रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और तत्काल पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पिकअप वाहन को कब्जे में लेते हुए सभी गायों को सुरक्षित बाहर निकलवाया।
गायों की स्वास्थ्य जांच पशु चिकित्सक डॉ. तरुण रवि द्वारा की गई। जांच के दौरान सभी गायों की हालत सामान्य बताई गई, जबकि गर्भवती गाय को विशेष निगरानी में रखा गया है।
पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और फरार चालक की तलाश में छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में गौ तस्करी को लेकर लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने प्रशासन से गौ तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।






