
रिपोर्ट। धरकास मोखा। कच्छ
भुज:
कच्छ जिला मुख्यालय भुज के संजोगनगर और कोडकी रोड क्षेत्र में सीवरेज की समस्या विकराल रूप ले चुकी है। विशेष रूप से संजोगनगर स्थित आस्था के केंद्र जाफरशाह पीर की दरगाह के समीप पिछले काफी समय से गटर का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे स्थानीय निवासियों और यहां आने वाले जायरीनों में भारी रोष है।
पवित्र दरगाह के ठीक सामने काले और बदबूदार पानी के जमाव से पूरे इलाके में असह्य दुर्गंध फैली हुई है, जिससे पैदल चलना भी दूभर हो गया है। गंदगी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा पैदा हो गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पालिका प्रशासन को बार-बार शिकायत करने के बावजूद केवल खानापूर्ति की जा रही है। लोगों ने मांग की है कि प्रशासन इस समस्या का तुरंत स्थायी समाधान करे ताकि श्रद्धालुओं की आस्था और नागरिकों के स्वास्थ्य की रक्षा हो सके।







