

डीडवाना-कुचामन जिला कलक्टर डॉ.महेंद्र खड़गावत के निर्देशन में जिले में महत्वपूर्ण एवं बुनियादी राजकीय कार्यालयों के लिए भूमि आवंटन के साथ ही पट्टे जारी करने का कार्य शीघ्रता से किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला कलक्टर ने सोमवार को जिला व सेशन न्यायालय सहित अन्य न्यायालय के लिये आवंटित भूमि का पट्टा जिला एवं सेशन न्यायाधीश श्री नाहर सिंह मीणा को प्रदान किया।
अतिरिक्त जिला कलक्टर मोहनलाल खटनावलिया ने बताया कि जिले में आमजन से जुड़ी सुविधाओं के विकास को गति देने के लिए जिला कलक्टर के निर्देश पर डीडवाना तहसील के मौजा मंडाबासनी में जिला व सेशन न्यायालय सहित अन्य न्यायालय के लिए भूमि आवंटित की गई है। उन्होंने बताया कि तहसील डीडवाना के मौजा मंडाबासनी के खसरा संख्या 1501/1388 रकबा 4.30 हैक्टेयर में से 2.75 हैक्टेयर भूमि जिला व सेशन न्यायालय, विशिष्ट सिविल न्यायाधीश एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय सहित अन्य न्यायालय के भवनों के निर्माण के लिए विधि एवं विधिक कार्य विभाग को आवंटित की गई है,आवंटित भूमि का पट्टा जिला कलक्टर डॉ खड़गावत द्वारा जिला व सेशन न्यायाधीश को प्रदान किया गया है।
उन्होंने बताया कि जिला कलक्टर के निर्देश पर किये जा रहे भूमि आवंटन व पट्टा जारी करने के कार्य से ना केवल राजकीय कार्यालयों के भवन निर्माण का कार्य शीघ्रता से होगा साथ ही जनसुविधाओं के विकास में भी तेजी आयेगी।


