A2Z सभी खबर सभी जिले कीTechnologyअन्य खबरेझारखंडरांची

मंदिर जीर्णोद्धार कार्य के दौरान मजदूर की मौत, डेढ़ लाख की आर्थिक सहायता।।

Oplus_131072

मंदिर जीर्णोद्धार कार्य के दौरान मजदूर की मौत, डेढ़ लाख की आर्थिक सहायता।।

रिपोर्टर/राशीद अंसारी

खलारी। मैक्लुस्कीगंज थाना क्षेत्र के हुटाप स्थित देवी मंडप मंदिर में जीर्णोद्धार कार्य के दौरान मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान बिजेंद्र राम (37 वर्ष), पिता जितन राम, निवासी डूमारो, चंदवा, जिला लातेहार के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंदिर परिसर में चल रहे जीर्णोद्धार कार्य के दौरान बिजेंद्र राम गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए डकरा सीसीएल क्षेत्रीय अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उपचार के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पत्नी, एक पुत्री एवं दो पुत्रों को छोड़ गए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही खलारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं, मैक्लुस्कीगंज थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली और शव को अपने कब्जे में लिया। परिजनों द्वारा पोस्टमार्टम कराने से इनकार किए जाने पर पुलिस ने उनसे लिखित आवेदन प्राप्त कर कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव परिजनों को सौंप दिया।

सूचना मिलते ही पूर्व जिला परिषद सदस्य एवं मजदूर नेता अब्दुल्ला अंसारी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों को ढांढस बंधाया और घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। देवी मंडप मंदिर समिति ने भी हादसे पर दुख जताया।

मंदिर समिति एवं मजदूर नेता अब्दुल्ला अंसारी की ओर से मृतक के परिजनों को डेढ़ लाख रुपये नगद आर्थिक सहायता प्रदान की गई। साथ ही, अब्दुल्ला अंसारी ने मृतक के भाई को परिवार के भरण-पोषण के लिए क्षेत्र की एक कंपनी में नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया। इसके अलावा, उनके द्वारा एंबुलेंस की व्यवस्था कर शव को परिजनों के साथ उनके पैतृक गांव भेजवाया गया।

घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से निर्माण कार्यों में सुरक्षा मानकों के सख्ती से पालन कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Back to top button
error: Content is protected !!