
संवाददाता अखिलेश विश्वकर्मा गढ़वा श्री बंशीधर नगर: दिनांक 02 फरवरी 2026 की रात्रि धुरकी थाना क्षेत्र में पशु तस्करों ने हथियार के बल पर पशु लदे वाहन को जबरन छुड़ाने का प्रयास किया। इस दौरान तस्करों द्वारा खुलेआम हथियार लहराए गए, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

घटना के संबंध में धुरकी थाना कांड संख्या 09/26, दिनांक 03.02.26 के तहत धारा 115(2), 27 आर्म्स एक्ट, प्रिवेंशन ऑफ क्रुएल्टी टू एनिमल एक्ट 1960, झारखंड बोवाइन एनिमल प्रोहिबिशन ऑफ स्लॉटर एक्ट, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं एवं 183 मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई।
इस कांड में प्राथमिक अभियुक्त खुस्तर अंसारी सहित फजुल्लाह अंसारी, अहमद अंसारी, एखलाक अंसारी (पिता– सफुद्दीन अंसारी), सहमत अंसारी एवं मो. हुसैन अंसारी (सभी निवासी– खाला, थाना– धुरकी, जिला– गढ़वा) समेत अन्य के विरुद्ध मामला दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया।
थाना प्रभारी धुरकी जनार्दन राउत के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही थी। पुलिस के बढ़ते दबाव को देखते हुए दिनांक 08 फरवरी 2026 को प्राथमिकी अभियुक्त खुस्तर अंसारी ने एसडीपीओ कार्यालय, बंशीधर नगर पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया और पुलिस के समक्ष एक प्लास्टिक का पिस्टल प्रस्तुत किया।
पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार कर प्रस्तुत प्लास्टिक पिस्टल को जप्ती सूची बनाकर जब्त किया। पूछताछ के क्रम में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि उसने घटना स्थल के पास ही एक देशी पिस्टल छुपाकर रखी है, जिसमें जिंदा गोली लोड है। अभियुक्त की निशानदेही पर धुरकी थाना कांड संख्या 10/26, दिनांक 08.02.26, धारा 25(1-b)a/26 आर्म्स एक्ट के तहत एक देशी पिस्टल बरामद की गई। जांच के दौरान पिस्टल की मैगजीन से दो जिंदा कारतूस भी बरामद हुए।
बरामद हथियारों के आधार पर अभियुक्त खुस्तर अंसारी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत अलग से मामला दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। उक्त जानकारी एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से दी।
अभियुक्त का आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार अभियुक्त खुस्तर अंसारी का आपराधिक इतिहास बेहद गंभीर और लंबा रहा है। उसके विरुद्ध धुरकी, नगर उंटारी, रमना एवं रजरप्पा (रामगढ़) थाना क्षेत्रों में डकैती, अपहरण, लूट, रंगदारी, आर्म्स एक्ट, विस्फोटक अधिनियम एवं CLA एक्ट से जुड़े 18 से अधिक संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अभियुक्त पूर्व में भी कई बार अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार हो चुका है और लंबे समय से क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रहा है।




