
अरेराज अनुमंडल क्षेत्र के पहाड़पुर मे संचालित आशीर्वाद हॉस्पिटल में चल रहे बिना लाइसेंस वाली मेडिकल दुकान पर औषधि निरीक्षक की टीम ने पहाड़पुर पुलिस की मौजूदगी में छापेमारी की। इस दौरान टीम ने दवा दुकान से दो संदिग्ध दवाओं का सैंपल जांच और विश्लेषण के लिए लिया तथा लगभग एक लाख रुपए की दवा को जप्त किया गया। छापेमारी टीम में औषधि निरीक्षक, सागर मल सोनी, दयानंद प्रसाद, मो० रईस आलम और राकेश सिंह शामिल थे। छापेमारी के दौरान टीम ने उक्त दुकान से एंटीबायोटिक्स, कफ सिरप, टैबलेट, कैप्सूल, इंजेक्शन और ऑइंटमेंट समेत कई अन्य तरह की दवाएं फॉर्म-16 के तहत जब्त की। जब्त दवाओं की अनुमानित कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। छापेमारी टीम के प्रमुख औषधि निरीक्षक दयानंद प्रसाद ने बताया कि उक्त हॉस्पिटल मे दवा दुकान बिना वैध लाइसेंस के संचालित की जा रही थी। दवा दुकान के मालिक नितेश कुमार, पिता कौशल किशोर, के खिलाफ मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी मोतिहारी में अभियोजन की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। 




