A2Z सभी खबर सभी जिले कीTechnologyअन्य खबरेझारखंडरांची

पिपरवार में बच्चा चोरी के शक में युवक की पिटाई से मौत, चार आरोपी गिरफ्तार।।

पिपरवार में बच्चा चोरी के शक में युवक की पिटाई से मौत, चार आरोपी गिरफ्तार।।

रिपोर्टर/राशीद अंसारी

खलारी। पिपरवार थाना क्षेत्र के चिरैयांटांड़ गांव में बच्चा चोरी के शक में भीड़ द्वारा की गई पिटाई के बाद एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना 15 फरवरी की शाम की बताई जा रही है। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चिरैयांटांड़ गांव में एक व्यक्ति को बच्चा चोर समझकर ग्रामीणों ने पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। पिटाई में गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान 40 वर्षीय रामबली रजवार, पिता रामेश्वर रजवार, निवासी बरवाटोली, थाना रामगढ़ के रूप में हुई है। मृतक के भाई ने बताया कि रामबली की मानसिक स्थिति कुछ समय से ठीक नहीं थी और वह इलाज कराने मैक्लुस्कीगंज गया था। वहीं से भटककर वह पिपरवार के चिरैयांटांड़ गांव पहुंच गया, जहां यह घटना घटी।

घटना के बाद पिपरवार थाना में कांड संख्या 09/26 के तहत बीएनएस की धारा 191(2), 191(3), 190, 109, 132 एवं 103(2) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक चतरा सुमित कुमार अग्रवाल के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी टंडवा के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया।

वायरल वीडियो फुटेज के आधार पर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में प्रयाग महतो, महेंद्र महतो उर्फ तरुण महतो, सुरेंद्र महतो एवं बसंत मुंडा शामिल हैं। सभी आरोपी किचटो गांव, थाना पिपरवार, जिला चतरा के निवासी बताए गए हैं।

थाना प्रभारी अभय कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की भी पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध व्यक्ति दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। साथ ही कानून को हाथ में न लेने की भी अपील की गई है।

छापामारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी टंडवा प्रभात रंजन बरवार, इंस्पेक्टर उत्तम कुमार तिवारी, थाना प्रभारी अभय कुमार, अवर निरीक्षक अभिमन्यु कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Back to top button
error: Content is protected !!