
निवाड़ी। शासन के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर जमुना भिड़े ने आमजन की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना तथा कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया। जनसुनवाई के दौरान कुल 43 आवेदनों पर सुनवाई की गई।

कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदन पर संबंधित विभागीय अधिकारियों से जानकारी लेकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण किया जाए और आवेदकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
वीसी के माध्यम से जानी वस्तुस्थिति
पृथ्वीपुर कार्यालय में नायब तहसीलदार एवं अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में आवेदकों ने अपनी समस्याएं रखीं। इस दौरान कलेक्टर ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मौके की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली और तत्काल कार्रवाई के निर्देश जारी किए।
राजस्व एवं सामाजिक योजनाओं से जुड़े रहे अधिकतर मामले
जनसुनवाई में राजस्व विभाग से संबंधित सीमांकन, बंटवारा, अतिक्रमण/कब्ज़ा हटाने के प्रकरण प्रमुख रूप से सामने आए। इसके अतिरिक्त विकलांगता प्रमाण पत्र, गरीबी रेखा सूची में नाम शामिल करने, पेयजल समस्या, शासकीय योजनाओं के तहत ऋण स्वीकृति, राशन, पेंशन, राहत राशि सहित विभिन्न विषयों पर आवेदन प्राप्त हुए।
कई आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत रोहन सक्सेना, एसडीएम मनीषा जैन, तहसीलदार, सीएमओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा निराकरण की जानकारी आवेदक को अनिवार्य रूप से दी जाए, ताकि प्रशासन के प्रति आमजन का विश्वास और मजबूत हो

