
जिला विधिक सेवा प्राधिकार गयाजी के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार मदन किशोर कौशिक के दिशानिर्देश एवं सचिव अरबिंद कुमार दास के नेतृत्व में प्रभावती हॉस्पिटल में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया.कार्यक्रम की शुरुआत अंतराष्ट्रीय महिला दिवस के सुअवसर पर केक काटकर किया गया। कार्यक्रम में डालसा के पैनल अधिवक्ता कुमारी सुमन सिंह ने लोगों को पीसी और पीएनडीटी अधिनियम के बारे में विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने कहा कि अधिनियम का अर्थ है गर्भधारण पूर्व और प्रसव पूर्व निदान तकनीक (लिंग चयन निषेध) अधिनियम, 1994. इसका उद्देश्य जन्म से पहले भ्रूण के लिंग के निर्धारण और प्रकटीकरण पर रोक लगाकर कन्या भ्रूण हत्या को रोकना है. यह अधिनियम आनुवंशिक असामान्यताओं या अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का पता लगाने के लिए प्रसव पूर्व निदान तकनीकों के उपयोग को भी विनियमित करता है, लेकिन लिंग निर्धारण के लिए नहीं. इसके साथ ही उन्होंने पीसी एवं पीएनडीटी अधिनियम के मुख्य पहलू की जानकारी दी. जिसमें बताया कि यह अधिनियम स्पष्ट रूप से जन्म से पहले, गर्भधारण से पहले या बाद में भ्रूण के लिंग का निर्धारण करने तथा लिंग के आधार पर बच्चे के चयन पर प्रतिबंध लगाता है. यह कानून लिंग-चयनात्मक गर्भपात के लिए प्रसवपूर्व निदान तकनीकों के दुरुपयोग को रोकने के लिए बनाया गया है, जिसके कारण भारत के कुछ भागों में लिंगानुपात में असंतुलन पैदा हो गया है. अधिनियम में कानून का उल्लंघन करने वालों के लिए कारावास और जुर्माने सहित दंड का प्रावधान किया गया है. कार्यक्रम में विधिक स्वयं सेवक प्रियंका शर्मा, डालसा कर्मचारी विकास कुमार एवं अनिल कुमार एवं हॉस्पिटल के , कर्मचारी जूली कुमारी, रूपा कुमारी इत्यादि लोग मौजूद थे।
इस विधिक जागरण में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के कर्मचारी विकास कुमार ने बताया कि न कोई फीस, न ही सालों का चक्कर। आमजन को बिना कोर्ट फीस दिए आन द स्पाट फैसला पाने का सुनहरा अवसर एक बार फिर मिलने जा रहा है। 14 मार्च 26 को सुबह 10.30 बजे से एक साथ सिविल कोर्ट, गया एवम शेरघाटी अनुमंडल कोर्ट में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यहां सुलह-समझौते के आधार पर मामलों का त्वरित निपटारा किया जाएगा। लोक अदालत के निर्णय के विरुद्ध अपील नहीं की जा सकती है। इसका फैसला अंतिम व बाध्यकारी होता है। उन्होंने इस राष्ट्रीय लोक अदालत के फायदे उठाने की अपील भी की।
त्रिलोकी नाथ डिस्ट्रिक्ट रिपोर्टर गयाजी बिहार
वन्दे भारत लाइव टीवी न्यूज़












