
संवाददाता अखिलेश विश्वकर्मा गढ़वा ✅ सगमा प्रखंड के पुतुर गांव स्थित कुसमहवा टोला मालिया नदी तट पर नव निर्मित सूर्य मंदिर में आगामी 20 फरवरी को प्राण प्रतिष्ठा सह प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसको लेकर गांव में उत्साह का माहौल है। आयोजन समिति द्वारा बताया गया कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
कार्यक्रम के तहत 18 फरवरी की संध्या से 108 घंटे का अखंड संकीर्तन प्रारंभ होगा, जो लगातार कई दिनों तक चलेगा। 19 फरवरी दिन गुरुवार को प्रातः 10 बजे से भव्य जल यात्रा निकाली जाएगी। जल यात्रा में श्रद्धालु मालिया नदी तट से जल लेकर पूरे गांव का भ्रमण करते हुए मंदिर परिसर पहुंचेंगे।
20 फरवरी दिन शुक्रवार को मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा। इस दिन सूर्य देव, हनुमान जी, भगवान शंकर एवं शिवलिंग की स्थापना की जाएगी। साथ ही गांव निवासी साकेत लोकवासी स्वामी कौशलेंद्र दास जी महाराज की प्रतिमा का अनावरण भी किया जाएगा। प्राण प्रतिष्ठा सह प्रतिमा अनावरण का कार्यक्रम प्रयागराज गंगा तट झूसी स्थित चक्र माधव मंदिर के महंत स्वामी अवधेश दास जी महाराज के करकमलों द्वारा संपन्न कराया जाएगा।
23 फरवरी दिन सोमवार को अखंड संकीर्तन का विधिवत समापन होगा। इसके उपरांत पूजा-पाठ कर श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। आयोजन समिति ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में भाग लेकर धर्म लाभ लेने की अपील की है।




