
गया, दिनांक 18 फरवरी 2026:
जिला पदाधिकारी, गया श्री शशांक शुभंकर की अध्यक्षता में नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक एवं उनके चैनल पार्टनर्स के साथ जिले में नाबार्ड द्वारा संचालित विकासात्मक कार्यों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान नाबार्ड की विभिन्न प्रमुख परियोजनाओं, जैसे ग्रामीण अवसंरचना विकास निधि (RIDF), जलछाजन विकास निधि (WDF), जलवायु अनुकूलन परियोजनाएं, पैक्स कंप्यूटरीकरण, किसान उत्पादक संगठन (FPO), कौशल विकास कार्यक्रम, ग्रामीण मार्ट तथा अन्य आजीविका संवर्धन पहलों की प्रगति पर विस्तृत समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने RIDF के अंतर्गत लंबित एवं धीमी प्रगति वाली परियोजनाओं को संबंधित विभागों की नियमित समीक्षा बैठकों में प्राथमिकता से इसे शामिल करने का निर्देश दिए।
बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि नाबार्ड द्वारा जिले में सिंचाई, कृषि अवसंरचना, जल संरक्षण, मत्स्य पालन, मशरूम उत्पादन, डेयरी, बांस शिल्प तथा स्मार्ट सिंचाई मॉडल जैसे विविध क्षेत्रों में महत्वपूर्ण पहलें की जा रही हैं। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप किसानों की आय में वृद्धि, स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन तथा पलायन में कमी जैसे सकारात्मक प्रभाव परिलक्षित हो रहे हैं।
जिला पदाधिकारी ने विकास परियोजनाओं की समग्र प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए इनके प्रभावी क्रियान्वयन को और गति देने पर बल दिया। साथ ही उन्होंने “गया मार्ट” की स्थापना के अनुरूप आवश्यक गतिविधियां शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीण कारीगरों, स्वयं सहायता समूहों तथा किसान उत्पादक संगठनों द्वारा निर्मित उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन के लिए एक सशक्त मंच उपलब्ध कराया जा सके। इस संदर्भ में जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया गया।
बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारी, नाबार्ड के चैनल पार्टनर्स के प्रतिनिधि तथा जिला विकास प्रबंधक, नाबार्ड उपस्थित रहे।
त्रिलोकी नाथ डिस्ट्रिक्ट रिपोर्टर गयाजी बिहार
वन्दे भारत लाइव टीवी न्यूज़


