

🚨🚦 ज़िलाधिकारी मनीष बंसल की सख्त चेतावनी: सड़क सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, दुर्घटनाओं में आई 20% से अधिक कमी — “सड़क खाली करो अभियान” होगा तेज 🚦🚨
जनपद सहारनपुर में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में दिखाई दे रहा है। जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों द्वारा किए गए कार्यों की गहन समीक्षा की गई। जिलाधिकारी के कुशल नेतृत्व और निरंतर सघन मॉनिटरिंग के चलते जनपद में सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है।
अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग धर्मेन्द्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि जनवरी 2026 में जनपद में कुल सड़क दुर्घटनाओं में कमी दर्ज की गई है। मृतकों की संख्या में लगभग 7.7 प्रतिशत तथा समग्र रूप से दुर्घटनाओं एवं मृतकों की संख्या में लगभग 20.8 प्रतिशत की गिरावट आई है। जिलाधिकारी ने इस सकारात्मक प्रवृत्ति को निरंतर बनाए रखने पर जोर दिया और संबंधित विभागों को और अधिक प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में गठित क्रिटिकल कॉरिडोर टीम द्वारा दिए जा रहे सुझावों के आधार पर रोड मार्ग विभाग सुधारात्मक कार्यों को एक रोल मॉडल के रूप में स्थापित करे। ब्लैक स्पॉट सुधार, अवैध कट बंद करने, ओवरलोडिंग पर रोक तथा यातायात नियमों के कड़ाई से अनुपालन के लिए विशेष अभियान जारी रखा जाए। सभी विभाग गूगल शीट के माध्यम से नियमित अपडेट दर्ज करें और आपसी समन्वय बनाए रखें।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। अंडर एज वाहन चालकों और स्कूली बच्चों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर उनके अभिभावकों को भी जागरूक किया जाएगा। हाईवे पर चलने वाले ई-रिक्शा चालकों और नियम तोड़ने वाले चालकों के विरुद्ध नियमित चालान सुनिश्चित किए जाएंगे। गन्ना और लकड़ी से लदी ओवरलोड ट्रॉलियों पर भी सघन कार्रवाई होगी।
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार “सड़क खाली करो अभियान” चलाने के निर्देश दिए। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और विद्यालयों के आसपास अव्यवस्थित रूप से खड़े वाहनों को हटाकर चिन्हित होल्डिंग एरिया में स्थानांतरित किया जाएगा। स्कूल बसों की फिटनेस जांच, क्षमता से अधिक बच्चों को ले जाने वाले वाहनों पर कठोर कार्रवाई तथा अवैध बस स्टैंड, डग्गामार वाहन और अवैध ई-रिक्शा के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा।
नवयुवकों द्वारा स्टंट करने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। प्रथम चरण में चालान, द्वितीय चरण में ड्राइविंग लाइसेंस जब्ती और तृतीय चरण में वाहन जब्ती व स्क्रैप की कार्रवाई की जाएगी। सभी मुख्य मार्गों पर अवैध कट तत्काल बंद कराने और सड़क किनारे अवैध पार्किंग रोकने के सख्त निर्देश भी दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष बहादुर सिंह, पुलिस अधीक्षक यातायात शैलेन्द्र श्रीवास्तव सहित नगर निगम, एनएचएआई एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन का स्पष्ट संदेश है — सड़क सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई तय है।
संपादक – एलिक सिंह
वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज़
ब्यूरो प्रमुख – हलचल इंडिया न्यूज़, सहारनपुर
📞 खबर, विज्ञापन और सूचना हेतु संपर्क: 8217554083




