

नीमच : चार साल पहले दड़ौली से अम्बा माता मार्ग का भूमिपूजन किया गया था, लेकिन सड़क निर्माण अब तक शुरू नहीं हो पाया है। ग्रामीणों ने बताया कि वन विभाग की एनओसी और अन्य विभागीय प्रक्रियाओं में अड़चन के कारण निर्माण में देरी हो रही है। इस वजह से न केवल ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है, बल्कि अम्बा माता मंदिर तक पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
मंगलवार को दड़ौली, कानिया खेड़ा और आसपास के कई गांवों के ग्रामीण भारी बारिश और कीचड़ के बीच कलेक्ट्रेट पहुंचे और सड़क निर्माण तत्काल शुरू कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि चार साल से सड़क निर्माण अटका हुआ है और प्रशासन से वन विभाग तथा लोक निर्माण विभाग के बीच लंबित प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा कराने की मांग की। यह प्रदर्शन प्रशासन के लिए एक गंभीर सवाल बन गया है कि क्या सड़क निर्माण जल्द शुरू होगा या ग्रामीणों को और इंतजार करना पड़ेगा।



