
सागर।वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी 8225072664 * राज्य शासन ने आगामी रक्षाबंधन, बलराम जयंती एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के प्रदेशभर में पर्वों को सामाजिक सहभागिता, सांस्कृतिक परंपराओं और जनभागीदारी के साथ भव्य रूप से मनाने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री बाला गुरु किन जिले के सभी संबंधित अधिकारियों को राज्य शासन के निर्देशानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जारी निर्देशानुसार रक्षाबंधन 28 अगस्त को सामाजिक रिश्तों से प्रकृति तक विस्तार करते हुए ‘एक राखी-एक संकल्प’ सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। स्कूलों में बच्चों को प्रकृति संरक्षण से जोड़ने के लिए कहानी, पेंटिंग एवं अन्य प्रतियोगिताएं भी होंगी। बलराम जयंती 2 सितंबर को बलराम कृषि महोत्सव की गतिविधियों को विस्तारित स्वरूप देते हुए कृषि आधारित पारंपरिक कलाओं, आधुनिक कृषि उपकरण, बीज एवं प्राकृतिक खेती पर केंद्रित प्रदर्शनियां और सह-संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी 4 सितंबर को भव्य स्तर पर मनाई जाएगी। स्कूलों में मटकी प्रतियोगिता, बांसुरी प्रतियोगिता, जीवन झांकी, श्रीकृष्ण प्रसंगों पर नाटिकाएं तथा छोटे बच्चों को बाल कृष्ण के स्वरूप में तैयार कर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सभी श्रीकृष्ण मंदिरों, मठों और देवालयों में विशेष श्रृंगार, स्वच्छता अभियान, मटकी सज्जा, मटकी फोड़, भजन-कीर्तन, झांकी और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। प्रदेश के लगभग 81 प्रमुख श्रीकृष्ण मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों पर भजन-कीर्तन और अन्य भक्तिमय कार्यक्रमों के लिए कलाकारों एवं सांस्कृतिक दलों की प्रस्तुतियां सुनिश्चित की जाएंगी। मुख्यमंत्री निवास पर भी 4 सितंबर को विशेष कार्यक्रम में भक्ति गायन, लोकनृत्य एवं मटकी फोड़ कार्यक्रम होगा तथा एक हजार से अधिक बच्चों को आमंत्रित किया जाएगा। 29 अगस्त से 4 सितंबर तक बच्चों के लिए विशेष पोषण एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित होंगे। प्रदेश के पर्यटन स्थलों पर भी श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए धार्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। जेलों में भगवान श्रीकृष्ण पर केंद्रित कार्यक्रम, जनजातीय छात्रावासों में सांस्कृतिक गतिविधियां तथा गौशालाओं में साफ-सफाई, गोपूजन और स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी आयोजित किए जाएंगे।



