
संवाददाता अखिलेश विश्वकर्मा ✅ गढ़वा/श्री बंशीधर नगर: आगामी रक्षाबंधन, दीपावली एवं अन्य त्योहारों को देखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मिलावट पर रोक लगाने के लिए गुरुवार को श्री बंशीधर नगर में खाद्य प्रतिष्ठानों का व्यापक निरीक्षण किया गया। उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा एवं अनुमंडल पदाधिकारी, नगर उंटारी के निर्देश पर अभिहित अधिकारी सह अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. आर.एस. सिंह, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी किरण हेमब्रम तथा नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी राजकमल की संयुक्त टीम ने विभिन्न मिठाई दुकानों और कारखानों की जांच की।
निरीक्षण के दौरान खप्पर बाबा स्वीट्स, शिवम् स्वीट्स, न्यू शिवम् स्वीट्स, संतोष स्वीट्स, बंशीधर स्वीट्स, श्री लक्ष्मी हरी स्वीट्स, सुमित स्वीट्स तथा अनिकेत पैलेस एंड रेस्टोरेंट समेत कई प्रतिष्ठानों की जांच की गई।
शिवम् स्वीट्स कारखाने में 120 किलो संदिग्ध रसगुल्ला मिला
पूर्णानगर स्थित शिवम् स्वीट्स के कारखाने की जांच में करीब 120 किलो संदिग्ध रसगुल्ला और 10 किलो परवल मिठाई पाई गई। अधिकारियों के अनुसार मिठाइयों में हरे रंग की अधिकता मिली। मौके पर दोनों मिठाइयों को नष्ट करा दिया गया
।
कारखाने में साफ-सफाई की कमी भी पाई गई। टीम ने खोआ मिठाई के दो सैंपल जांच के लिए लिए। खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप कारोबार नहीं करने पर खाद्य कारोबारी पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं नगर पंचायत की टीम ने कारखाने को अगले आदेश तक सील कर दिया।
न्यू शिवम् स्वीट्स में 100 किलो संदिग्ध रसगुल्ला नष्ट
न्यू शिवम् स्वीट्स के कारखाने में भी साफ-सफाई की भारी कमी और जलजमाव की स्थिति मिली। यहां से करीब 100 किलो संदिग्ध रसगुल्ला नष्ट कराया गया। छेना का सैंपल जांच के लिए लिया गया।
नियमों का पालन नहीं करने पर संचालक पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया और कारखाने को भी अगले आदेश तक सील कर दिया गया।
खप्पर बाबा स्वीट्स में व्यवस्था मानक के अनुरूप
खप्पर बाबा स्वीट्स के कारखाने की जांच में व्यवस्थाएं मानकों के अनुरूप पाई गईं। यहां से रसगुल्ला और परवल मिठाई के सैंपल जांच के लिए लिए गए।
निरीक्षण के दौरान शिवम् स्वीट्स में मिठाई का सिरा साफ करने के लिए इंडस्ट्रियल यूज के हाइड्रा का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई, जिसे टीम ने जब्त कर लिया।
अनिकेत पैलेस में खराब पनीर मिला
हनुमान मोड़ स्थित अनिकेत पैलेस एंड रेस्टोरेंट की जांच में खराब पनीर पाया गया। टीम ने खराब पनीर को मौके पर ही नष्ट कराया। साथ ही खाद्य सामग्री में किसी भी प्रकार के रासायनिक रंग का इस्तेमाल नहीं करने का निर्देश दिया गया।
बिना लाइसेंस कारोबार पर होगी सख्त कार्रवाई
खाद्य विभाग की टीम ने सभी खाद्य कारोबारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि बिना खाद्य सुरक्षा लाइसेंस के कारोबार नहीं करें। जिन प्रतिष्ठानों के पास लाइसेंस है, वे उसे अपने प्रतिष्ठान में प्रदर्शित करना सुनिश्चित करें।
अधिकारियों ने दुकानदारों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने, साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने, मिठाइयों को ढंककर रखने तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का पालन करने का निर्देश दिया। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर आगे भी सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
निरीक्षण अभियान में खाद्य सुरक्षा विभाग के कर्मी विवेक तिवारी, संतोष कुमार सहित अन्य कर्मी मौजूद थे।




