
सागर।वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी 8225072664 * रक्षाबंधन एवं आगामी त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए जिले में आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम द्वारा लगातार खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप वर्मा एवं शीतल सिंह की टीम ने बीना के सर्वोदय चौक, गांधी तिराहा सहित प्रमुख क्षेत्रों में स्थित मिष्ठान प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। राजहंस स्वीट्स एवं शिमला स्वीट्स से मावा बर्फी, बेसन लड्डू, बर्फी एवं मावा के नमूने लिए गए। बीकानेर स्वीट्स, गांधी तिराहा से मावा एवं नमकीन तथा नटराज होटल से डोडा बर्फी, मूंग बर्फी एवं सेलिब्रेशन गिफ्ट पैक के नमूने जांच के लिए लिए गए। सभी नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान राजहंस स्वीट्स पर खुले में रखी जलेबी एवं इमरती में मक्खियां पाई गईं। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने अस्वच्छ खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया तथा प्रतिष्ठान संचालक को खाद्य पदार्थ ढंककर एवं स्वच्छ वातावरण में रखने के निर्देश दिए। लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी मिष्ठान विक्रेताओं को त्योहारों के दौरान मांग के अनुरूप सीमित मात्रा में ही मिठाइयों का निर्माण करने के निर्देश दिए हैं, ताकि बासी एवं गुणवत्ताहीन खाद्य सामग्री के विक्रय पर रोक लगाई जा सके। जिले में यह निरीक्षण अभियान निरंतर जारी रहेगा।



