
**सामुदायिक सहभागिता से शासकीय स्कूल का कायाकल्प करने वाले शिक्षक हुए सम्मानित**

तिलक राम पटेल संपादक महासमुन्द वन्दे भारत लाइव टीवी न्यूज चैनल समृद्ध भारत अखबार
महासमुंद। जिला परियोजना कार्यालय समग्र शिक्षा महासमुंद में आयोजित जिला स्तरीय कम्युनिटी मोबिलाइजेशन कार्यशाला 2026 का सफल आयोजन गरिमामयी वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी सह जिला परियोजना अधिकारी श्री नंदकिशोर सिन्हा, जिला मिशन समन्वयक समग्र शिक्षा श्री रेखराज शर्मा, डाइट प्राचार्य श्री अरुण प्रधान, एपीसी श्रीमती सम्पा बोस एवं श्रीमती विद्या साहू की विशेष उपस्थिति रही।
कार्यशाला में सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से शासकीय प्राथमिक शाला पोड़ापाली का कायाकल्प कर मिसाल पेश करने वाले शिक्षक श्री प्रताप नारायण दास को उत्कृष्ट शिक्षक के रूप में सम्मानित किया गया। उनके समर्पण, दृढ़ इच्छाशक्ति और जनसहयोग से विद्यालय की दशा एवं दिशा में आए सकारात्मक बदलाव को सराहते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान किया गया।
श्री दास ने इस उपलब्धि का श्रेय विकासखंड शिक्षा अधिकारी सरायपाली श्री टी.सी. पटेल के मार्गदर्शन, विकासखंड स्त्रोत केंद्र समन्वयक श्री देवानंद नायक के निरंतर प्रोत्साहन तथा संकुल समन्वयक नवागढ़ श्री खिरोद्र सोनी के सहयोग को दिया। उन्होंने इस सम्मान के लिए समस्त वरिष्ठ अधिकारियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
यह सम्मान न केवल श्री दास के उत्कृष्ट कार्यों की पहचान है, बल्कि यह दर्शाता है कि सामुदायिक सहभागिता से शासकीय विद्यालयों में भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सकारात्मक बदलाव संभव है।





