


बलौदाबाजार, 1 मार्च 2026।
जिले में पदभार ग्रहण करते ही नवपदस्थ कलेक्टर श्री कुलदीप शर्मा ने प्रशासनिक सक्रियता का परिचय देते हुए शनिवार सायंकाल जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। कार्यभार संभालने के तुरंत बाद ही स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत जानने पहुंचे कलेक्टर ने अस्पताल के विभिन्न कक्षों का गहन निरीक्षण कर साफ-सफाई, उपचार व्यवस्था और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं को और बेहतर बनाने के स्पष्ट निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पंजीयन काउंटर में पंजीयन प्रक्रिया का अवलोकन किया और प्रतिदिन ओपीडी एवं आईपीडी की संख्या की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि औसतन प्रतिदिन लगभग 500 मरीज ओपीडी में पंजीकृत होते हैं। कलेक्टर ने कहा कि बढ़ती मरीज संख्या को देखते हुए व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी न रहे, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
उन्होंने जन औषधि केंद्र का निरीक्षण कर उपलब्ध दवाइयों की सूची एवं कालातीत दवाओं की स्थिति की जानकारी ली। स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि स्टॉक में दवा उपलब्ध होने के बावजूद किसी भी मरीज को बाहर से दवा खरीदने के लिए मजबूर न होना पड़े। मरीजों की सुविधा सर्वोपरि है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्टर ने ट्रामा सेंटर, सीटी स्कैन यूनिट, प्रसूति वार्ड, सर्जिकल वार्ड, डायलिसिस यूनिट, ब्लड बैंक, एसएनसीयू (Special Newborn Care Unit) तथा इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब (IPHL) का विस्तार से निरीक्षण किया। उन्होंने आईपीएचएल को एनक्यूएएस सर्टिफिकेट प्राप्त होने पर प्रसन्नता व्यक्त की और यह प्रमाण पत्र पाने वाला देश का दूसरा जिला अस्पताल बनने पर पूरी टीम को बधाई दी। साथ ही निर्देश दिए कि गुणवत्ता के इस स्तर को लगातार बनाए रखा जाए।
कलेक्टर ने जिले के पीएचसी एवं सीएचसी से जिला अस्पताल में रिफर किए जाने वाले मरीजों तथा यहां से अन्य अस्पतालों में भेजे जाने वाले मरीजों की संख्या की भी जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल अत्यंत आवश्यक स्थिति में ही मरीजों को रिफर किया जाए, ताकि जिला स्तर पर ही अधिकतम उपचार उपलब्ध कराया जा सके। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वार्ड में भर्ती मरीजों से भी बातचीत कर उनका हाल-चाल जाना और व्यवस्थाओं पर फीडबैक लिया।
धान उपार्जन केंद्र आमेरा का निरीक्षण
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के बाद कलेक्टर ने धान उपार्जन केंद्र आमेरा पहुंचकर खरीदी व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने कुल खरीदी, अब तक उठाव तथा शेष धान की मात्रा की विस्तृत जानकारी ली। धान उठाव की गति को संतोषजनक न मानते हुए ट्रकों की संख्या बढ़ाकर शीघ्र उठाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
नालंदा परिसर निर्माण में तेजी के निर्देश
इसके पश्चात कलेक्टर ने बलौदाबाजार में निर्माणाधीन नालंदा परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को स्पष्ट किया गया कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल, अपर कलेक्टर ए.आर. टंडन, एसडीएम प्रकाश कोरी, सिविल सर्जन डॉ. अशोक वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
नवपदस्थ कलेक्टर के इस सघन निरीक्षण से यह स्पष्ट संकेत मिल रहा है कि प्रशासन अब विकास और व्यवस्थाओं को लेकर पूरी तरह सक्रिय और जवाबदेह मोड में है। स्वास्थ्य सेवाओं से लेकर किसानों के हित और अधोसंरचना निर्माण तक, हर क्षेत्र में सुधार की दिशा में तेज कदम उठाए जा रहे हैं। जिलेवासियों को आने वाले दिनों में इसका सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल सकता है।










