
रोटरी डायमंड ने जरूरतमंद बच्चों की पसंद को बनाया हकीकत। नए कपड़े, भोजन और आइसक्रीम पाकर खिल उठे बच्चों के चेहरे

नीमच। रोटरी क्लब ऑफ नीमच डायमंड द्वारा सेवा कार्यों की श्रृंखला में “साथी हाथ बढ़ाना” प्रकल्प के अंतर्गत आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद बच्चों के लिए एक विशेष सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों को उनकी पसंद का स्वादिष्ट भोजन कराया गया। साथ ही उनकी पसंद के अनुसार नए कपड़े, आइसक्रीम तथा आवश्यकता अनुसार जूते-चप्पल भी दिलवाई गईं। अपनी पसंद की वस्तुएँ पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और पूरे वातावरण में आत्मीयता एवं सेवा का भाव देखने को मिला। क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने बच्चों के साथ समय बिताया तथा उन्हें स्नेह और अपनापन प्रदान किया। सभी सदस्यों ने इस सेवा कार्य में उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई और समाज के जरूरतमंद वर्ग के प्रति अपनी सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया।
क्लब अध्यक्ष गुणवंत जैन ने कहा कि रोटरी का उद्देश्य केवल सेवा करना ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। “साथी हाथ बढ़ाना” प्रकल्प इसी भावना को साकार करने का एक सार्थक प्रयास है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सचिव धीरज गाँधी कोषाध्यक्ष अनुज चंडक पूर्व अध्यक्ष हेमन्त भण्डारी, आशीष गर्ग, गौरव पाराशर आई. पी. पी.सौरभ शर्मा, गोपाल शर्मा, सुमित्त मित्तल,आशिष गर्ग (गगन) गौरव पोरवाल, प्रवीण गोदावत व क्लब के अन्य सदस्यों एवं सहयोगियों का विशेष योगदान रहा।रोटरी डायमंड भविष्य में भी समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से ऐसे जनहितकारी प्रकल्प निरंतर आयोजित करता रहेगा।




