
होमगार्ड बहाली के अंतर्गत चयनित 1096 अभ्यर्थियों के मूल प्रमाण-पत्रों का सत्यापन, चिकित्सीय जाँच, पुलिस चरित्र सत्यापन एवं बॉण्ड निष्पादन 17 अगस्त 2026 से 31 अगस्त 2026 तक समाहरणालय में सुबह 11:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक किया जाएगा। वहीं छूटे हुए अभ्यर्थियों को 01 सितंबर 2026 को अंतिम अवसर दिया जाएगा।
इसकी जानकारी देते हुए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन ने बताया कि विगत 3 जुलाई 2026 को चयनित होम गार्ड अभ्यर्थियों के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ मेडिकल व डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन को लेकर उनकी विस्तृत चर्चा हुई थी। जिसमें उन्हें बताया गया था कि जिले के सभी 1096 चयनित होम गार्ड अभ्यर्थियों के मेडिकल एवं डॉक्युमेंट वेरीफिकेशन की प्रक्रिया शुरू करने के लिए प्रशासन ने राज्य सरकार को पत्र लिखा है। जैसे ही वहां से आदेश प्राप्त होगा और तिथि निश्चित होगी, सभी को सूचित कर, मेडिकल व डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया आरंभ होगी।
उपायुक्त बताया कि इसके परिणाम स्वरूप जिला प्रशासन को प्रक्रिया आरंभ करने की अनुमति मिल गई है। जिसके तहत पूर्वी टुण्डी के 98 अभ्यर्थियों के लिए 17 अगस्त, टुण्डी और बलियापुर के 98 अभ्यर्थियों लिए 18 अगस्त, कलियासोल एवं बाघमारा के 110 अभ्यर्थियों के लिए 19 अगस्त, निरसा व गोविंदपुर के 112 अभ्यर्थियों के लिए 20 अगस्त, तोपचांची के 56 अभ्यर्थियों के लिए 21 अगस्त, एग्यारकुण्ड व धनबाद ग्रामीण के 114 अभ्यर्थियों के लिए 22 अगस्त, शहरी गैर-तकनिकी (धनबाद) व शहरी गैर तकनीकी चिरकुंडा के 77 अभ्यर्थियों के लिए 24 अगस्त, शहरी गैर-तकनिकी धनबाद (मेधा सूची क्रमांक 01 से 100) के पुरुष अभ्यर्थियों के लिए 25 अगस्त, शहरी गैर तकनिकी (धनबाद) मेघा सूची क्रमांक 101 से 200 तक के पुरुष अभ्यर्थी के लिए 27 अगस्त, शहरी तकनिकी (धनबाद) मेघा सूची क्रमांक 1 से 115 तक के पुरुष अभ्यर्थियों के लिए 29 अगस्त, शहरी तकनीकी (धनबाद) मेघा सूची क्रमांक 1 से 24 तक की महिला अभ्यर्थी एवं मेघा सूची क्रमांक 116 से 201 तक के पुरुष अभ्यर्थी के लिए 31 अगस्त 2026 की तिथि निर्धारित है।
उपायुक्त ने कहा कि मेडिकल व डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन में निर्धारित तिथियों में अनुपस्थित अभ्यर्थियों को 1 सितंबर 2026 को मेडिकल व डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन कराने का अंतिम अवसर दिया जाएगा।
उपायुक्त ने कहा कि प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थी आवेदन में प्रस्तुत सभी प्रमाण पत्रों की मूल प्रतियाँ, स्व-अभिप्रमाणित छायाप्रतियाँ और पीछे नाम व रोल नंबर अंकित 4 पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो के साथ स्वयं उपस्थित होंगे। वहीं जाँच स्थल पर डीजीटल वेरिफिकेशन एवं फोटोग्राफी की जाएगी।
साथ ही कहा कि फर्जी दस्तावेज़ या धोखाधड़ी का प्रयास करने पर झारखण्ड प्रतियोगी परीक्षा अधिनियम, 2023 एवं भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कहा कि इस संबंध में विस्तृत विवरण धनबाद जिला की आधिकारिक वेबसाइट dhanbad.nic.in पर भी अभ्यर्थी देख सकते है।
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन ने बिल्कुल पारदर्शी प्रक्रिया अपनाकर होमगार्ड बहाली की परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न कराई है। मेडिकल व डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया भी उसी तरह से संपन्न कराई जाएगी।
उन्होंने सभी चयनित अभ्यर्थियों को किसी भी बिचौलिए के झांसे में नहीं आने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि यदि कोई भी बिचौलिया किसी भी अभ्यर्थी को राशि लेकर उनका काम कराने का प्रलोभन देता है तो वे सीधे होमगार्ड डीएसपी के मोबाइल नंबर 6299226344 पर संपर्क कर सकते हैं। उपायुक्त ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को किसी भी अफवाह पर भी ध्यान नहीं देनेे का अनुरोध किया है।





