
झालावाड़। राजकीय हरिशचंद्र सार्वजनिक जिला पुस्तकालय, झालावाड़ में 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय पर्व उत्साह और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में कनिष्ठ सहायक अंजलि मीणा एवं परामर्शदाता किरण सच्चर ने ध्वजारोहण किया। इसके पश्चात उपस्थित सदस्यों ने मां सरस्वती की पूजा-अर्चना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ रानी रावल ‘रुद्रश्री’ द्वारा सरस्वती वंदना से किया गया। इस अवसर पर रानी रावल ‘रुद्रश्री’, अंजलि मीणा, विश्वनाथ सच्चर, सतीश पाटीदार एवं शबाना जी मंचासीन रहे।
पुस्तकालय के पाठकों ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व तथा देश के प्रति अपने विचार व्यक्त किए। इस दौरान किरण सच्चर ने भक्ति गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम को भावपूर्ण बना दिया। विभिन्न प्रस्तुतियां देने वाले प्रतिभागियों को रानी रावल ‘रुद्रश्री’ द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शानदार संचालन परामर्शदाता किरण सच्चर ने किया। अंत में उन्होंने सभी अतिथियों, पाठकों एवं उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की। पूरे कार्यक्रम में देशभक्ति, साहित्य एवं सांस्कृतिक चेतना का सुंदर संगम देखने को मिला।





