*जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई नगर निकाय की कार्ययोजना के सम्बन्ध में बैठक*
विवेकानंद सभागार में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में नगर निकायों की कार्य योजना के सम्बन्ध में बैठक हुई। जिलाधिकारी ने कहा कि नगर निकायों में नलकूप संचालन के बेहतर क्षमता के जेनरेटर की ही खरीद की जाये। नगर पालिका हरदोई के अधिशाषी अधिकारी को उन्होंने कहा कि हर्ष उदय सिंह पार्क का सुंदरीकरण कराया जाये। पार्क की चहारदीवारी को ऊँचा किया जाये तथा पार्क का विस्तारीकरण कराया जाये। कलेक्ट्रेट के गेट के बाहर हरियाली लगायी जाये तथा सड़क मार्ग के किनारे इंटरलॉकिंग करायी जाये। गलियों में सीसी रोड व नाली का निर्माण कराया जाये। दो पानी के टैंकरों व एक मोबाइल टॉयलेट की खरीद की जाये। निर्वाचन कार्यालय के पीछे की भूमि पर यूरिनल बनवाया जाये। कलेक्ट्रेट परिसर में चार स्थानों पर वाटर कूलर लगवाए जाएं। कलेक्ट्रेट परिसर को आगामी बारिश में जल भराव से बचाने के लिए अभी से कार्ययोजना बनाकर कार्य कराया जाये। बिलग्राम नगर पालिका, गोपामऊ नगर पंचायत, माधोगंज नगर पंचायत के विभिन्न प्रस्तावों पर जिलाधिकारी द्वारा स्वीकृति दी गयी। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रियंका सिंह, माननीय पालिका अध्यक्ष हरदोई, बिलग्राम व गोपामऊ, सम्बंधित अधिशाषी अधिकारी आदि उपस्थित रहे।