
शहर की समस्याओं पर हुआ मंथन, यातायात में सुधार का एक और प्रयास कर रही जिला प्रशासन
झारखंड / गोड्डा :
गोड्डा चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (GCCI) और जिला पुलिस प्रशासन के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अशोक प्रियदर्शी, नगर थाना प्रभारी दिनेश मोहली के साथ महत्वपूर्ण बैठक आहूत की गई। जिसमें शहर से जुड़ी कई समस्याओं पर विस्तार से चर्चा किया गया।बैठक में मुख्य रूप से शहर के विकास, यातायात सुधार, कानून-व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के विभिन्न उपायों पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में प्रमुख मुद्दों पर चर्चा करते हुए यातायात व्यवस्था में सुधार को लेकर कहा कि शहर में ट्रैफिक की समस्या को देखते हुए प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने पर जोर दिया। खासकर व्यस्त समय में ट्रैफिक को सही तरीके से नियंत्रित करने के लिए उचित कदम उठाने की बात कही गई। वहीं, शहर में नशीले पदार्थों की बढ़ती बिक्री और तस्करी पर कड़ा नियंत्रण लगाने की आवश्यकता जताई गई। प्रशासन ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए GCCI से सहयोग की अपील की और कहा कि व्यापारियों को भी इस दिशा में सतर्क रहना चाहिए।
टोटो वाहनों के लिए नंबर सिस्टम लागू करना अहम
शहर में चल रहे टोटो (ई-रिक्शा) के लिए एक नंबरिंग सिस्टम लागू करने का प्रस्ताव रखा गया। इसका उद्देश्य यह है कि सभी टोटो वाहनों का पूरा विवरण प्रशासन के पास रहे। जिससे कोई भी अवैध गतिविधि न हो और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था बेहतर हो सके। वहीं, सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया कि बिना हेलमेट पहने कोई भी व्यक्ति पेट्रोल पंप से ईंधन नहीं ले सकेगा। इसके अलावा, बिना हेलमेट के बाइक चलाने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों पर कार्रवाई
बताया कि शहर की सड़कों पर अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों के कारण यातायात प्रभावित होता है। इसे रोकने के लिए प्रशासन द्वारा अवैध रूप से पार्क किए गए वाहनों पर चालान करने की प्रक्रिया तेज करने का निर्णय लिया गया। इधर, हाल के दिनों में शहर में चोरी की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे व्यापारी वर्ग और आम नागरिकों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने सभी व्यापारियों से अपील की है कि वे अपने प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगवाएं। इससे न केवल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगेगा, बल्कि किसी भी आपराधिक गतिविधि की निगरानी भी आसानी से की जा सकेगी। प्रशासन ने व्यापारियों को यह आश्वासन दिया कि सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस गश्त भी बढ़ाई जाएगी। दूसरी ओर चैम्बर सदस्यों ने कहा कि टाइगर मोबाइल से गश्ती गली मुहल्ले में करवाने से गलत लोगों में भय व्याप्त होगा और काफी हद तक चोरी की घटना को रोका जाएगा l
चैंबर सदस्यों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का दिया भरोसा
बैठक में अध्यक्ष प्रीतम गाडिया और सचिव मोहम्मद कमरान और उपाधकक्ष मुकेश भगत ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि शहर के सुधार और विकास के लिए चैम्बर पूरी तरह से प्रशासन के साथ है। उन्होंने कहा कि व्यापारिक समुदाय और प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से शहर को अधिक सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाया जा सकता है। बैठक में अन्य कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा हुई और उनके समाधान के लिए ठोस कदम उठाने की योजना बनाई गई। GCCI और जिला पुलिस प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से शहर के विकास में तेजी लाने की दिशा में यह बैठक एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। दौरान महेश बजाज, मो सहनवाज़, सोनू सरफराज, मो नौसाद, मो साहेब, मो इम्तियाज़, मो रियाज आदि सदस्य मौजूद थे।