
अंबेडकरनगर
बुधवार की सुबह से ही तेज धूप के कारण तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक उछाल आया है। इसके कारण दुश्वारियां बढ़ गई हैं। तापमान में उछाल के कारण सब्जी व अन्य फसलों पर भी प्रभाव पड़ रहा है। हालांकि गेहूं किसानों ने कटाई व मड़ाई का काम युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया है, ताकि जल्द से जल्द खेतों को खाली किया जा सके।बुधवार सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवा का सितम शुरू हो गया था, जो शाम तक चलता रहा। 10 किमी/घंटा की रफ्तार से चली हवा के कारण सड़कों पर निकलने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सहालग होने के कारण बाजारों में खरीदारी को निकले लोग गर्मी से बेहाल नजर आए। खरीदारी करने पहुंचे लोगों ने सड़क के बजाए एसी शोरूमों में ही बिताना बेहतर समझा। पसीने से तरबतर चेहरे, गला सुखाती गर्मी के बीच गन्ने का रस, फालूदा, आइसक्रीम और ठंडी बर्फीली पेय सामग्री राहत का सहारा बनीं।हर चौराहे, हर नुक्कड़, हर गली में ठंडे पेयों की दुकानों पर भीड़ जमा हो गई है, जिन पर खरीदारों की भीड़ रहती है, इसके चलते शरबत वाले और आइसक्रीम विक्रेताओं की चांदी हो गई। मासूम बच्चे इस भीषण गर्मी में सबसे ज्यादा परेशान दिखे। स्कूल से छुट्टी के बाद वे सीधे घरों में दुबक गए। उनके नाजुक चेहरे गर्मी की मार से झुलसते नजर आए। कई बच्चों को गर्मी के कारण चक्कर और उल्टी की शिकायत हुई। माता-पिता ने बच्चों को सिर से पांव तक ढंक कर बाहर निकाला, फिर भी गर्मी परेशान करती रही।









