
हाथरस।
सिकंदराराऊ क्षेत्र में डीएपी खाद के लिए हो रही मारामारी थम नहीं रही। जिस सहकारी समिति पर खाद का वितरण होता है, वहां किसानों की भीड़ लग जाती है। सुबह से शाम तक कतार में लगने के बावजूद किसानों को एक कट्टा खाद मुश्किल से मिल पा रही है, जिससे उनमें नाराजगी है। बता दें कि ग्रामीण अंचल की अधिकांश सहकारी समितियों पर खाद वितरण के लिए टोकन सिस्टम लागू कर दिया गया है, जिससे वहां खाद के लिए कोई मारामारी नहीं हो रही, लेकिन नगर की सभी समितियों पर टोकन सिस्टम लागू न होने के कारण खाद वितरण के दौरान अव्यवस्था फैल रही है।बुधवार को नगर के मंडी गांधीगंज स्थित सहकारी समिति पर सुबह पांच बजे से ही खाद लेने के लिए महिला व पुरुष किसानों की भीड़ लग गई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए समिति कर्मचारियों को पुलिस बुलानी पड़ी।किसान महेशपाल ने आरोप लगाया कि इस समिति के सचिव दोपहर 12 बजे सादाबाद से आते हैं, तब खाद का वितरण शुरू हो पाता है। तब तक किसानों को यहां इंतजार करना पड़ता है। बुधवार को यहां 250 कट्टे खाद बांटी गई। एसडीएम संजय कुमार ने बताया कि सचिव को चेतावनी दी गई है कि वह सुबह जल्दी आकर खाद का वितरण करें,जिससे किसानों को अनावश्यक इंतजार नहीं करना पड़े।









