A2Z सभी खबर सभी जिले कीTechnologyअन्य खबरेकृषिखाद्य सुरक्षा और स्वास्थ्यगढ़वाझारखंडदेशमौसमसबसे हाल की खबरेंसमाचारस्थानीय समाचार

भोजपुर में भीषण आग से 5 लाख की संपत्ति राख, लोन के 2 लाख रुपये भी जले

श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र के भोजपुर गांव में गुरुवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया।

संवाददाता अखिलेश विश्वकर्मा गढ़वा श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र के भोजपुर गांव में गुरुवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव निवासी शिवपतिया कुंवर के घर में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते पूरा घर उसकी चपेट में आ गया और घर में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया।


परिजनों के अनुसार आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है। घटना के समय परिवार के लोग घर के बाहर थे, तभी धुआं उठता देख ग्रामीणों ने शोर मचाया। जब तक लोग कुछ समझ पाते, आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। ग्रामीणों ने अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज लपटों के सामने उनकी कोशिशें नाकाम साबित हुईं।


शिवपतिया कुंवर के पुत्र विजय साह ने बताया कि घर में रखा अनाज, कपड़े, बक्सा, फर्नीचर समेत दैनिक उपयोग की सभी वस्तुएं जल गईं। सबसे बड़ी क्षति यह हुई कि घर निर्माण के लिए लोन के रूप में लिए गए 2 लाख रुपये नकद भी आग की भेंट चढ़ गए। उन्होंने बताया कि बड़ी उम्मीदों के साथ घर बनाने की तैयारी की जा रही थी, लेकिन इस हादसे ने परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है।


विजय साह के अनुसार इस घटना में करीब 5 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फिलहाल पीड़ित परिवार प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग कर रहा है, ताकि वे दोबारा अपने जीवन की शुरुआत कर सकें।

Back to top button
error: Content is protected !!