

बलौदाबाजार/हथबंद, 25 फरवरी।
मंगलवार की सुबह थाना हथबंद क्षेत्र के उडेला–पौसरी मार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे पुलिस महकमे और क्षेत्रवासियों को गहरे सदमे में डाल दिया। सुबह लगभग 11 बजे सूचना मिली कि ड्यूटी पर तैनात दो आरक्षकों का जबरदस्त एक्सीडेंट हो गया है। इस हृदयविदारक दुर्घटना में आरक्षक क्रमांक 377 धर्मेंद्र यादव और आरक्षक क्रमांक 809 प्रशांतधर दीवान ने अपने प्राण गंवा दिए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरक्षक क्रमांक 377 धर्मेंद्र यादव, वर्तमान तैनाती साइबर सेल, निवासी ग्राम परसबोड थाना साजा जिला बेमेतरा, हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए थे। घटनास्थल पर ही उनकी स्थिति अत्यंत नाजुक हो गई और उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
वहीं आरक्षक क्रमांक 809 प्रशांतधर दीवान, जो थाना हथबंद में पदस्थ थे तथा मूल निवासी नवागढ़ थाना नवागढ़ जिला बेमेतरा के थे, इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए। उन्हें तत्काल बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया, लेकिन चिकित्सकों के अथक प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। उपचार के दौरान उन्होंने भी अंतिम सांस ली।
यह खबर जैसे ही पुलिस विभाग और परिजनों तक पहुंची, शोक की लहर दौड़ गई। दोनों जवान कर्तव्यनिष्ठ, सरल स्वभाव और समर्पित सेवाभावी पुलिसकर्मी के रूप में जाने जाते थे। उनके असामयिक निधन से विभाग ने दो जांबाज सिपाहियों को खो दिया है।
साथियों की आंखें नम हैं, वरिष्ठ अधिकारियों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि दोनों आरक्षक अपने दायित्वों के प्रति पूरी निष्ठा से कार्य करते थे। उनका यूं अचानक चले जाना विभाग के लिए अपूरणीय क्षति है।
ग्राम परसबोड और नवागढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक का माहौल है और हर आंख नम है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिवारों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति दें।






