

डीएवी पब्लिक स्कूल कालांवाली में क्षमता निर्माण कार्यक्रम में शिक्षक–अभिभावक सहभागिता पर बल
रिपोर्टर इन्द्र जीत
स्थान कालावाली
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, नई दिल्ली के निर्देशन में तथा क्षेत्रीय प्रशिक्षण इकाई, उत्कृष्टता केंद्र, पंचकूला के सहयोग सेअभिभावकों को शिक्षा के प्रति जागरूक बनाना” विषय पर एक दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम का सफल आयोजन माता पुन्ना देवी डीएवी पब्लिक स्कूल, कालांवाली में प्रधानाचार्या र्श्रीमती कविता शर्मा जी के मार्गदर्शन में गरिमामय ढंग से सम्पन्न हुआ। जिसमें क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में विषय विशेषज्ञ के रूप में सुश्री शालू मेहता एवं सुश्री मुस्कान जिंदल ने अपने प्रभावशाली प्रस्तुतीकरण के माध्यम से शिक्षकों को व्यावहारिक एवं नवीन जानकारी प्रदान की। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि विद्यालय और अभिभावक यदि मिलकर सकारात्मक वातावरण का निर्माण करें, तो बच्चे न केवल शैक्षणिक रूप से बल्कि नैतिक, सामाजिक और भावनात्मक रूप से भी सशक्त बन सकते हैं।
कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों को इस दिशा में मार्गदर्शन प्रदान करना था कि वे अभिभावकों के साथ समन्वय स्थापित कर विद्यार्थियों के समग्र विकास में किस प्रकार सक्रिय भूमिका निभा सकते हैं। इस अवसर पर आधुनिक शिक्षण-अधिगम पद्धतियों, आधारभूत अधिगम के महत्व, घर पर सुरक्षित एवं प्रभावी डिजिटल शिक्षण तथा शैक्षणिक सफलता में अभिभावकों की भूमिका पर विस्तृत चर्चा की गई।
प्रतिभागी शिक्षकों ने इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को अत्यंत प्रेरक, उपयोगी एवं व्यवहारिक बताया। प्रधानाचार्या महोदया जी ने कार्यक्रम में शामिल सभी प्रतिभागियों एवं अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों की कौशल दक्षता को समृद्ध करते हैं तथा शिक्षा को अधिक संवेदनशील एवं प्रभावी बनाते हैं।कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों ने विषय विशेषज्ञों एवं विद्यालय प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी ऐसे नवाचारी प्रशिक्षण कार्यक्रमों के आयोजन की आशा व्यक्त की।







