
बाड़मेर, 25 अप्रैल। जिले में लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग ने मनरेगा कार्यों के समय में बदलाव किया है। नए आदेशों के तहत बाड़मेर एवं बालोतरा जिले में अब मनरेगा कार्य प्रातः 6 बजे से दोपहर 1 बजे तक किए जाएंगे। इस समयावधि में विश्राम काल की अवधि शामिल नहीं होगी।
अतिरिक्त जिला कार्यक्रम समन्वयक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवि कुमार ने बताया कि प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है, ताकि श्रमिकों को राहत मिल सके और कार्य भी सुचारू रूप से संचालित हो सके।
उन्होंने बताया कि यदि कोई श्रमिक समूह निर्धारित समय से पहले तय टास्क पूरा कर लेता है, तो वह मेट के पास उपलब्ध मस्टररोल में कार्य की माप दर्ज करवाकर तथा समूह के मुखिया के हस्ताक्षर के बाद एनएमएमएस की प्रक्रिया अनुसार दूसरी पारी की हाजिरी अंकित कर कार्य स्थल छोड़ सकता है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बदले हुए समय की व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे श्रमिकों को गर्मी से राहत मिल सके और कार्यस्थलों पर सुरक्षा सुनिश्चित हो।
— वन्दे भारत लाइव टीवी न्यूज / समृद्ध भारत समाचार पत्र









