
हाथरस पुलिस का बड़ा खुलासा-ई-रिक्शा में बैग काटकर जेवर उड़ाने वाले गिरोह का पर्दाफाश,
हाथरस सिकन्द्राराऊ-सिकन्द्राराऊ पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए ई-रिक्शा में यात्रा कर रही महिलाओं के बैग काटकर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के आभूषण और नकद रुपए बरामद किए हैं। बीती 2 मई 2026 को श्रीमती सुनीता देवी निवासी गढ़ी धर्मी ने थाना सिकन्द्राराऊ में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 29 अप्रैल को जब वह अपनी पुत्री के साथ ई-रिक्शा से अपनी ननिहाल जा रही थीं, तब रास्ते में किसी ने उनके बैग से सोने-चांदी के आभूषण और पैसे चोरी कर लिए। पुलिस ने तत्काल सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस अधीक्षक हाथरस, श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा द्वारा अपर पुलिस हाथरस रामानंद कुशवाहा के निर्देशन में तथा क्षेत्राधिकारी सिकंद्राराऊ के पर्यवेक्षण में कोतवाली प्रभारी सिकंद्राराऊ गठित टीम ने जब आरोपी ओमप्रकाश को गिरफ्तार किया, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपनी पत्नी और ममेरे भाई के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम देता था। आरोपी मोटरसाइकिल से शिकार का पीछा करते थे। जब शिकार महिला ई-रिक्शा में बैठती, तो आरोपी की पत्नी और उसका भाई भी उसी रिक्शे में सवार हो जाते थे। रास्ते में आरोपी की पत्नी महिला को अपनी बातों में उलझा लेती थी और इसी बीच गिरोह के अन्य सदस्य बैग काटकर कीमती सामान पार कर देते थे।
पुलिस टीम ने आरोपी ओमप्रकाश (निवासी एटा) को गिरफ्तार कर 03 पेंडल 01 अंगूठी पीली धातु और 16,000 रुपये नकद बरामद किए हैं।
इस घटना का अनावरण करने में प्रभारी निरीक्षक शिव कुमार शर्मा और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अब गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में जुटी है। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही की जा रही है। राजकुमार ब्यूरो चीफ
हाथरस पुलिस का बड़ा खुलासा-ई-रिक्शा में बैग काटकर जेवर उड़ाने वाले गिरोह का पर्दाफाश,








