
मुकेश कुमार
पेहवा 15 अगस्त
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर डीएनटी चेयरमैन जसमेर सिंह बंजारा ने ध्वजारोहण कर ली परेड की सलामी, शहीदों को दी भावभीनी श्रद्धांजलि, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को किया सम्मानित, स्कूली विद्यार्थियों ने शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रमों की दी प्रस्तुति
पिहोवा 15 अगस्त – हरियाणा विमुक्त घुमंतू जाति विकास बोर्ड के चेयरमैन जसमेर सिंह बंजारा ने कहा कि हरियाणा की धरती वीरता, त्याग और देशभक्ति की धरती है। इतिहास के पन्ने इस बात के साक्षी हैं कि 10 मई 1857 को अंबाला से उठी स्वतंत्रता आंदोलन की चिंगारी ने पूरे देश में आजादी की अलख जगाई थी। उस संघर्ष ने अंग्रेजी शासन की नींव को चुनौती दी और देशवासियों के मन में स्वतंत्रता की लौ को प्रज्वलित किया। इस गौरवपूर्ण इतिहास को आने वाली पीढियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से हरियाणा सरकार द्वारा अंबाला छावनी में स्थापित किया जा रहा भव्य शहीदी स्मारक अब निर्माण के अंतिम चरण में है। यह स्मारक हमारे वीरों के त्याग, संघर्ष और देशभक्ति का स्थायी प्रतीक बनेगा।
हरियाणा विमुक्त घुमंतू जाति विकास बोर्ड के शनिवार को अनाज मंडी पिहोवा के प्रांगण में उपमंडल स्तरीय 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह पर उपमंडल वासियों को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले डीएनटी चेयरमैन जसमेर सिंह बंजारा ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और राष्ट्रीय ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इसके उपरांत डीएनटी चेयरमैन जसमेर सिंह बंजारा ने स्वतंत्रता सेनानियों और वीरांगनाओं को भी सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि आज का भारत केवल अपनी सांस्कृतिक विरासत और सामरिक शक्ति के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के लिए भी विश्व में अपनी पहचान बना रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता, नवाचार और आर्थिक विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। भारत दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अपनी स्थिति लगातार मजबूत कर रहा है और विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है। सरकार का लक्ष्य केवल आर्थिक विकास की गति बढ़ाना नहीं, बल्कि ऐसा विकास सुनिश्चित करना है जिसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
उन्होंने कहा कि हमारा अन्नदाता हमारे विकास का आधार है। शामलात भूमि पर 20 वर्षों से काबिज पट्टेदारों को उस भूमि का मालिकाना हक देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। कृषि को अधिक लाभकारी और टिकाऊ बनाने के लिए फसल विविधीकरण, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, सिंचाई, कृषि तकनीक और किसान उत्पादक संगठनों को बढावा दिया जा रहा है। आज जब हम स्वतंत्रता के 80वें वर्ष में प्रवेश कर रहे हैं, तो हमारे सामने केवल अतीत की उपलब्धियों पर गर्व करने का अवसर नहीं है, बल्कि भविष्य के भारत और भविष्य के हरियाणा के निर्माण का संकल्प लेने का भी अवसर है। वर्ष 2047 में जब देश अपनी स्वतंत्रता की शताब्दी मनाएगा, तब भारत को विकसित राष्ट्र और हरियाणा को विकसित राज्य के रूप में स्थापित करने की हमारी जिम्मेदारी है।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्य अतिथि हरियाणा विमुक्त घुमंतू जाति विकास बोर्ड के चेयरमैन जसमेर सिंह बंजारा को उपमंडल प्रशासन की तरफ से एसडीएम गुरविंदर सिंह ने स्मृति चिन्ह भेंट करके सम्मानित किया। मुख्यातिथि ने कार्यक्रम में आए पिहोवा गडीया लोहार समाज के प्रत्येक परिवार को 1100 रूपए की नकद राशि प्रदान की। इसी प्रकार उन्हांेने प्रथम स्थान पाने वाली टीमों को 3100 रूपए की राशि ईनाम स्वरूप दी। स्वतंत्रता दिवस समारोह में हरियाणा पुलिस की टुकडी प्रथम, डीएवी कालेज की एनसीसी सीनियर विंग की टुकडी द्वितीय तथा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पिहोवा की एनएसएस की टुकडी ने तृतीय स्थान हासिल किया।
इस कार्यक्रम के मंच का संचालन नित्यानंद शास्त्री ने किया। स्वतंत्रता दिवस समारोह पर आंगनवाड़ी वर्करों द्वारा रंगोली बनाई गई। इस मौके पर उपमंडल अधिकारी नागरिक पिहोवा गुरविंद्र सिंह, डीएसपी रणधीर सिंह, मुख्य अतिथि जैसलमेर सिंह बंजारा की धर्मपत्नी भूपेंद्र कौर, नगर पालिका अध्यक्ष आशीष चक्रपाणि, मार्केट कमेटी अध्यक्ष तरुणदीप सिंह वड़ैच, तहसीलदार पिहोवा पूनम सोलंकी, खंड विकास अधिकारी विवेक, खंड शिक्षा अधिकारी रामराज कौशिक, नगर पालिका के सचिव अशोक कुमार, मार्केट कमेटी सचिव चंद्र सिंह, गीता शर्मा महिला मोर्चा अध्यक्ष पिहोवा, युधिष्ठिर बहल कष्ट निवारण समिति सदस्य, पूर्व अध्यक्ष जय सिंह पाल, समाज सेवक सतीश सैनी, नगर पालिका उप प्रधान प्रतिनिधि सुरेंद्र ढींगरा, सरदार हरपाल सिंह, मन की बात जिला प्रभारी हन्नु चक्रपाणि, मंडल अध्यक्ष प्रिंस मंगला, बाबूराम प्रदीप शर्मा, विभिन्न गांवों के सरपंच व नगर पालिका के पार्षद और अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में 8 स्कूलों के विद्यार्थियों ने दी प्रस्तुति
स्वतंत्रता दिवस समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए 8 टीमों ने अपनी-अपनी रंगारंग प्रस्तुतियां दी। इनमें गुरू नानक देव अकादमी, सीडी पब्लिक स्कूल, कैम्ब्रिज वल्र्ड स्कूल, अक्षरा इंटरनेशनल स्कूल, बीएसएन पिहोवा, डीएवी पिहोवा, एजीएस पिहोवा तथा बीपीआर पिहोवा ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अपनी शानदार प्रस्तुति दी।
पीटी शो के लिए 9 स्कूलों ने लिया भाग
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्थानीय अनाज मंडी में पीटी शो के लिए 9 स्कूलों ने भाग लिया। इन स्कूलों में बीएमएस ज्ञानदीप स्कूल, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, पं. अनंत राम स्कूल, शिव शिक्षा निकेतन स्कूल, गुरू नानक देव अकादमी, गीता माडल स्कूल, सीडी पब्लिक स्कूल, एसडीएसएन स्कूल तथा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शामिल रहे।
डीएनटी चेयरमैन जसमेर सिंह बंजारा ने स्वतंत्रता सेनानियों व उनके परिजनों को किया सम्मानित
मुख्य अतिथि डीएनटी चेयरमैन जसमेर सिंह बंजारा ने स्वतंत्रता सेनानियों व उनके परिजनों को सम्मानित किया, जिनमें सुरजीत कौर पत्नी अमरीक सिंह, सतपाल कौर पत्नी सुरजीत सिंह, सत्या देवी पत्नी ओम प्रकाश, मंजीत कौर पत्नी निशान सिंह, सुरेंद्र कौर पत्नी मेला सिंह, सुनीता देवी पत्नी सुशील कुमार, सिमरजीत कौर पत्नी जसविंद्र सिंह, सुरक्षा देवी पत्नी श्याम लाल तथा हुकम सिंह पिता बलबीर सिंह, सुरजीत कौर पत्नी मुख्त्यार सिंह, सुरजीत कौर पत्नी प्रीतम सिंह, तीजेंद्र पाल सिंह पुत्र ज्ञानवीर सिंह शामिल है, को कम्बल देकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त रवेल सिंह कीर्ति चक्र, भजन सिंह सेना मेडल को गैलेंटरी अवार्ड दिए गए।




