
*प्रेस विज्ञप्ति*
*नारनौल स्टेशन पर देशभक्ति के रंग में रंगा स्वतंत्रता दिवस समारोह*
नारनौल। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नारनौल रेलवे स्टेशन परिसर में देशभक्ति एवं उत्साह से ओत-प्रोत वातावरण में स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रेलवे के

अधिकारियों एवं कर्मचारियों के अलावा GRP एवं RPF के अधिकारी तथा जवान भी मौजूद रहे। सभी ने राष्ट्रध्वज को नमन करते हुए देश के अमर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर दैनिक रेलयात्री एवं जन कल्याण संघ, नारनौल के अध्यक्ष गणेश शर्मा, उपाध्यक्ष पूनम चंद, सचिव एडवोकेट महावीर जैन, संयुक्त सचिव हितेंद्र अग्रवाल, सदस्य शिव कुमार,सोमदेव शर्मा,विकास यादव सहित संघ के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। संघ पदाधिकारियों ने रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सुरक्षा बलों के साथ मिलकर स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व में सहभागिता की।
संघ अध्यक्ष गणेश शर्मा ने कहा कि आज का दिन हमें उन महान स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों के त्याग एवं बलिदान की याद दिलाता है, जिनके संघर्ष के कारण हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
उन्होंने बताया कि दैनिक रेलयात्री एवं जन कल्याण संघ, नारनौल यात्रियों की सुविधाओं, सुरक्षा तथा जनहित से जुड़े रेल विषयों को लगातार रेलवे प्रशासन के समक्ष उठाता रहा है। संघ का प्रयास है कि रेलवे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलें और नारनौल क्षेत्र की रेल संबंधी आवश्यकताओं को प्रभावी रूप से आगे रखा जाए। उन्होंने कहा कि संघ भविष्य में भी “रेल सेवा समर्पण” के संकल्प के साथ यात्रियों एवं आमजन की सेवा में जुटा रहेगा।
समारोह में रेलवे परिवार एवं सुरक्षा बलों की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव को बनाए रखने का संकल्प लिया।
संघ की ओर से देशवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए देश की सुख-शांति, प्रगति एवं समृद्धि की कामना की गई।
जय हिंद! 🇮🇳





