

महराजगंज।
रिपोर्ट बुद्धेश मणि पाण्डेय जिला प्रभारी
विभाजन की विभीषिका हमें इतिहास से सीख लेकर एकता मजबूत करने का देती है संदेश
महराजगंज- भारतीय जनता पार्टी की ओर से जिला पंचायत सभागार में विभाजन की विभीषिका पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान वर्ष 1947 के विभाजन की घटनाओं, विस्थापन और पीड़ितों के संघर्ष को दर्शाती चित्र प्रदर्शनी भी लगाई गई। मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री सतीश द्विवेदी, जिलाध्यक्ष संजय पांडेय, पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह और सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया सहित अन्य अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री सतीश द्विवेदी ने कहा कि 1947 का विभाजन केवल भू-भाग का बंटवारा नहीं, बल्कि लाखों लोगों के जीवन, परिवार और सामाजिक ताने-बाने को प्रभावित करने वाली भयावह त्रासदी थी। उन्होंने कहा कि विभाजन की विभीषिका को याद करने का उद्देश्य वैमनस्य पैदा करना नहीं, बल्कि इतिहास से सीख लेकर राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को मजबूत करना है।
पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि विभाजन की पीड़ा को देश कभी भुला नहीं सकता। लाखों परिवारों ने अपना घर, जमीन और अपनों को खोने के बावजूद नए सिरे से जीवन शुरू किया। उन्होंने नई पीढ़ी को इतिहास की वास्तविक घटनाओं से परिचित कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।
सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि विभाजन मानवता के इतिहास की दर्दनाक घटनाओं में से एक है। उन्होंने युवाओं से इतिहास को समझने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय ने कहा कि विभाजन की विभीषिका हमें देश की एकता और सामाजिक सद्भाव का महत्व समझाती है। चित्र प्रदर्शनी के माध्यम से नई पीढ़ी को उस दौर की वास्तविकता से अवगत कराने का प्रयास किया गया है।
संगोष्ठी में पूर्व जिलाध्यक्ष अरुण शुक्ला, पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह, पूर्व विधायक चौधरी शिवेंद्र सिंह, ब्लॉक प्रमुख राम हरख गुप्ता, ओम प्रकाश जायसवाल, विवेक गुप्ता, आनंद शंकर वर्मा, चेयरमैन संतोष जायसवाल, गिरिजेश जायसवाल, सतीश मधेशिया तथा पूर्व वायुसेना अधिकारी राम प्रकाश गुप्ता समेत अन्य लोगों ने विचार रखे।
संगोष्ठी के बाद मौन जुलूस निकाला गया, जो नगर तिराहे तक पहुंचा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम में पूर्व सैनिक वीरेंद्र सिंह, कृष्ण कुमार जायसवाल, राम प्रकाश गुप्ता, श्रीपति दास, स्वतंत्रता सेनानी झालरा देवी एवं फुलेना देवी के परिजनों तथा शहीद पंकज त्रिपाठी के पिता ओम प्रकाश त्रिपाठी समेत अन्य शहीद परिवारों को माला पहनाकर, अंगवस्त्र और बुके देकर सम्मानित किया गया।
[yop_poll id="10"]





