ठेमा नदी में डूबने से मजदूर की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
नदी पार करते समय तेज बहाव में बहने की आशंका, दो बेटों और दो बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
दुद्धी सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_ स्थानीय थाना क्षेत्र के दीघुल गांव में रविवार को ठेमा नदी में डूबने से 35 वर्षीय मजदूर दारा सिंह गौड़ की मौत हो गई। करीब 24 घंटे बाद चरवाहों ने नदी में उतराया शव देखा, जिसकी सूचना पर परिजनों और पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, दीघुल निवासी दारा सिंह गौड़ (35) पुत्र हीरालाल शनिवार शाम करीब चार बजे घर के पास स्थित ठेमा नदी पार कर रिश्तेदारी में गए थे। आशंका जताई जा रही है कि वापस लौटते समय नदी के तेज बहाव में उनका संतुलन बिगड़ गया और वह पानी में बह गए। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल सका।
रविवार दोपहर करीब तीन बजे नदी के पास गाय चरा रहे चरवाहों की नजर घर से लगभग 500 मीटर दूर पानी में उतराए शव पर पड़ी। चरवाहों ने तत्काल इसकी जानकारी परिजनों और ग्रामीणों को दी। शव मिलने की खबर से परिवार में चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की सहायता से शव को नदी से बाहर निकलवाया। पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी दुद्धी के मोर्चरी हाउस भेज दिया।
परिजनों एवं ग्रामीणों के मुताबिक दारा सिंह परिवार का अकेला सहारा था। वह दो भाइयों में बड़ा था और बाहर मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। मृतक के परिवार में पत्नी के अलावा दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं, जो अभी अविवाहित हैं। हादसे के बाद पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना को लेकर शोक का माहौल है।












