उत्तर प्रदेशसोनभद्र

बाबा नगरी दूर है, जाना जरूर है… बोल बम के जयघोष से गूंजा जोरूखाड़

बैंड-बाजे के साथ 100 कांवरियों का जत्था बाबा धाम रवाना, ग्राम प्रधान विमल यादव ने झंडी दिखाकर किया रवाना

महुली सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_सावन के पावन महीने में भोलेनाथ की भक्ति में डूबा जोरूखाड़ गांव गुरुवार को हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंज उठा। दोपहर करीब एक बजे बैंड-बाजे के साथ लगभग 100 कांवरियों का जत्था बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना हुआ। कांवरिये नाचते-गाते और हाथों में भगवा ध्वज लिए “बाबा नगरी दूर है, जाना जरूर है… बोल बम का नारा है, बाबा एक सहारा है” के जयघोष से वातावरण को भक्तिमय बनाते रहे।IMG 20260813 142046
बाबा धाम रवाना होने से पूर्व कांवरियों का जत्था रेघड़ा स्थित शिव मंदिर पहुंचा। यहां श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का विधिवत दर्शन-पूजन किया और अपने क्षेत्र, परिवार तथा समाज की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में हर-हर महादेव के जयकारों से पूरा वातावरण शिवमय हो गया।
इसके बाद कांवरिये सुल्तानगंज पहुंचकर पवित्र गंगाजल उठाएंगे। वहां से पैदल यात्रा करते हुए बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे। इसके पश्चात बासुकिनाथ धाम में भी जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना करेंगे।
ग्राम प्रधान विमल यादव ने झंडी दिखाकर कांवरियों के जत्थे को रवाना किया। इस दौरान श्रद्धालुओं में गजब का उत्साह देखने को मिला। बैंड की धुन पर कांवरिये जमकर झूमे और “बोल बम-बोल बम” के जयघोष से माहौल को भक्तिमय बना दिया।
जत्थे में विजय यादव, महेंद्र यादव, राधे यादव, रामधारी, विशुनधारी, बलराम यादव, राहुल यादव, विजयशंकर समेत करीब 100 कांवरिये शामिल रहे। इस अवसर पर राम कुमार यादव, प्रकाश यादव, उमेश यादव, राजेंद्र यादव समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने कांवरियों को मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए बाबा भोलेनाथ से उनकी सकुशल वापसी की प्रार्थना की।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!