
तुलसियापुर। इटवा ब्लॉक के पचमोहानी उपकेंद्र के तहत कठेला, जानकीनगर, बनकटवा, बन्दुवारी, विशुनपुर, जालीडीह, पंचमपुर आदि दर्जनों गांवों के उपभोक्ता बिजली कटौती से परेशान हैं। पिछले कई दिनों से बिजली आपूर्ति व्यवस्था गड़बड़ होने से उपभोक्ताओं ने आंदोलन की धमकी दी है। इटवा ब्लॉक के लगभग 100 से अधिक गांवों व टोलों में पचमोहनी विद्युत उपकेंद्र से बिजली आपूर्ति की जाती है। मौजूदा समय भीषण गर्मी व उमस का है। अभी कुछ दिन पहले ही बाढ़ की समस्या से लोगों ने निजात पाई है।
बिजली आपूर्ति का आलम तो यह है कि पूरे दिन व पूरी रात बिजली कटौती होती रहती है। अधिकारियों व कर्मचारियों से पूछो तो वह कहते हैं कि रोस्टिंग के कारण बिजली कट रही है। उपभोक्ताओं के मुताबिक दिन में दो से तीन घंटे व रात में भी दो से तीन घंटे ही बिजली मिल पाती है। वोल्टेज भी इतना कम रहता है कि पंखा का चलना भी मुश्किल रहता है। बिजली आने का कोई निर्धारित समय नहीं कभी-कभी 24 घंटे तक बिजली गुल रहती है। जिससे छोटे-छोटे बच्चों को भीषण गर्मी में ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ती है। कुछ घंटे बिजली मिलती है तो उसमें भी चार से पांच बार लोकल फाल्ट सही करने के लिए काट दिया जाता है। उपभोक्ताओं के मुताबिक जब बिजली विभाग के कर्मचारी व अधिकारी के पास फोन मिलाने की कोशिश की जाती है तो वह फोन नहीं उठाते हैं। अधिकारियों का सीयूजी मोबाइल बंद रहता है। रामजतन, जावेद शाह, सुनील, मोहर्रम, मुबारक आदि ने सांसद, विधायक व डीएम से बिजली आपूर्ति सुचारु रूप से बहाल करवाने की मांग की है। इस संबंध में पीवीवीएनएल के जेई अंकुश सिंह ने बताया कि रोस्टिंग के कारण बिजली कटौती हो रही है।












