
सहारनपुर: बदमाशों ने फाइनेंस कर्मी की गोली मारकर हत्या की, 5 लाख लूट ले गए – पुलिस महकमे में हड़कंप
सहारनपुर | 8 अप्रैल 2025
सहारनपुर के सरसावा थाना क्षेत्र में सोमवार रात सनसनीखेज वारदात ने पूरे जिले को दहला दिया। रेलवे रोड स्थित एआरसी गेट के पास माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी संजय चौधरी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावर चार की संख्या में दो बाइकों पर सवार थे और हत्या के बाद लगभग ₹5 लाख रुपए लूटकर फरार हो गए।
घटना का विवरण
रात लगभग 11 बजे संजय चौधरी अपनी ड्यूटी पूरी कर फाइनेंस कंपनी से वापस लौट रहा था। तभी घात लगाए बैठे बदमाशों ने रास्ता रोककर पहले मारपीट की और फिर गोली मार दी। बदमाश उसके पास से ब्रीफकेस में रखी करीब ₹5 लाख की नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस प्रशासन की ताबड़तोड़ कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही एसपी देहात, सीओ बेहट और थाना प्रभारी सरसावा सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया। पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।
एसपी देहात का कहना है:
“घटना अत्यंत गंभीर है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।”
नागरिकों में आक्रोश, व्यापारियों में डर
घटना से पूरे शहर में दहशत का माहौल है। व्यापारियों ने पुलिस की गश्त व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा है कि जब मुख्य सड़कों पर ऐसी वारदात हो सकती है, तो आम आदमी कहीं भी सुरक्षित नहीं।
🖋 रिपोर्ट: एलिक सिंह
📺 वन्दे भारत लाइव टीवी न्यूज़
📌 जिला प्रभारी – भारतीय पत्रकार अधिकार परिषद