
खरगोन, 22 अगस्त 2025।
शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने और मुख्य मार्गों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर पालिका खरगोन ने शुक्रवार को फिर सख्त कार्यवाही की।
बस स्टैंड, टीआईटी कॉम्प्लेक्स, श्रीकृष्ण तिराहा, पुराना हॉस्पिटल रोड से मोहन टाकिज तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। दुकानों के बाहर रखा सामान जब्त किया गया, ठेलों को व्यवस्थित कराया गया और सड़क किनारे बैठे लोगों को तय सीमा में बैठाया गया।
सीएमओ कमला कौल ने बताया कि अभियान 18 अगस्त से लगातार चल रहा है। दुकानदारों को बार-बार चेतावनी देने के बाद भी नियम तोड़ने वालों पर अब चालानी कार्रवाई होगी। जब्त किया गया सामान वापस नहीं किया जाएगा।
राजस्व अधिकारी महेश वर्मा ने कहा कि नागरिकों की शिकायतों पर ही यह कार्रवाई हो रही है और आगे भी अभियान जारी रहेगा।
वहीं, नगर पालिका अध्यक्ष छाया जोशी ने व्यापारियों से अपील की है कि वे दुकान की परिधि से बाहर सामान न रखें और ठेला चालक केवल चलित ठेलों से ही व्यापार करें, ताकि सड़कें चौड़ी रहें और दुर्घटनाओं में कमी आए।
नगर पालिका ने साफ किया है कि नियम तोड़ने वालों पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।



