
बिल्ली–मारकुंडी खदान हादसा: एनडीआरएफ–एसडीआरएफ व पुलिस रातभर चलाती रही रेस्क्यू, एक मजदूर का शव बरामद—दोषियों की गिरफ्तारी को विशेष टीमें गठित
सोनभद्र (राकेश कुमार कन्नौजिया)_ओबरा थाना क्षेत्र के बिल्ली मारकुंडी खनन क्षेत्र, रासपहाड़ी स्थित कृष्णा माइनिंग वर्क्स में शनिवार की शाम बड़ा हादसा हो गया, जब लगभग 4:30 बजे पहाड़ी का एक हिस्सा अचानक दरक गया और कई मजदूर पत्थर व मलबे के नीचे दब गए। सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी सोनभद्र, पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक, एसडीएम ओबरा एवं सीओ ओबरा तत्काल मौके पर पहुँचे। थाना ओबरा पुलिस ने पहुँचकर तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू कराया। कुछ ही देर में एडीजी, आयुक्त विन्ध्याचल मण्डल और आईजी भी स्थल पर पहुँचे और राहत–बचाव कार्यों का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद टीमों को तेजी से मलबा हटाने और दबे मजदूरों को बाहर निकालने के निर्देश दिए।
रात होते-होते एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी पहुँच गईं और जनपद पुलिस के साथ मिलकर लगातार रेस्क्यू अभियान में जुट गईं। टीमों द्वारा तेज गति से मलबा हटाने का कार्य जारी है। अभियान के दौरान अब तक एक मजदूर का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि अन्य के खोज प्रयास जारी हैं।
घटना के संबंध में थाना ओबरा में सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। दोषियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम बनाई गई है। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि जांच जारी है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।












