
महुली सोनभद्र (राकेश कुमार कन्नौजिया)_
सोनभद्र जनपद के विंढमगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत महुली, फुलवार, जोरूखाड़ एवं पोलवा गांवों में 2 मार्च की रात्रि को परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ होलिका दहन संपन्न हुआ। पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल रहा। ग्रामीणों ने गाजे-बाजे, फाग गीतों और पारंपरिक उल्लास के साथ होलिका दहन कार्यक्रम में भाग लिया। 
महुली ग्राम में ग्राम प्रधान अरविंद जायसवाल के नेतृत्व में ग्रामीणों ने पूरे गांव का भ्रमण किया। लोग फाग गीत गाते और झूमते हुए महुली पानी टंकी के पास स्थापित होलिका स्थल तक पहुंचे। वहां रामलीला मंडली के व्यास दिलीप कुमार कन्नौजिया की मंडली ने होली एवं फाग गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय और उत्साहपूर्ण बना दिया।
निर्धारित मुहूर्त के अनुसार रात्रि 12 बजकर 8 मिनट पर आदिवासी समुदाय के लोगों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। पारंपरिक रीति से नारियल, अक्षत और अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर होलिका में अग्नि प्रज्वलित की गई। ग्रामीणों ने गांव की सुख-समृद्धि, शांति और उन्नति की कामना की।
इसी क्रम में राजा बरियार शाह खेल मैदान के समीप स्थापित होलिका का भी रात्रि 12 बजकर 20 मिनट पर पूजा-अर्चना के पश्चात दहन किया गया। श्रद्धालुओं ने अपने-अपने घरों से लाए गए अक्षत एवं पूजन सामग्री होलिका में समर्पित कर परिवार और ग्राम की खुशहाली की प्रार्थना की।
इस वर्ष 3 मार्च को चंद्र ग्रहण होने के कारण पारंपरिक मान्यताओं के अनुरूप 4 मार्च की प्रातः होलिका की अवशेष राख उड़ाकर होली का पर्व मनाया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान गांव के सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे क्षेत्र में शांति, सौहार्द और परंपराओं के संरक्षण का संदेश देखने को मिला।






