
12/12/2025

पटालसू पीक फतह करने पर शिवम कुमार को भारत स्काउट्स एवं गाइड्स ने किया सम्मानित
4220 मीटर (15,000फीट ) की ऊँचाई पर सफलता प्राप्त कर बढ़ाया बिहार का गौरव
बिहार के कैमूर जिले के युवा शिवम कुमार ने हिमाचल प्रदेश स्थित पटालसू पीक (4220 मीटर) को सफलतापूर्वक फतह कर देश,राज्य व जिले का मान बढ़ाया है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि के सम्मान में नई दिल्ली स्थित भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राष्ट्रीय मुख्यालय में संगठन की निदेशक सुश्री दर्शन पावस्कर द्वारा उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया गया। शिवम कुमार ने कठोर मौसम, बर्फीली हवाओं और चुनौतीपूर्ण मार्ग के बीच अदम्य साहस एवं धैर्य का परिचय देते हुए पटालसू पीक ट्रेक को पूर्ण सफलता के साथ पूरा किया। उनकी इस उपलब्धि को देखते हुए भारत स्काउट्स एवं गाइड्स ने उन्हें युवा पीढ़ी के लिए रोल मॉडल करार देते हुए सम्मानित किया। सम्मान समारोह के दौरान निदेशक सुश्री दर्शन पावस्कर ने कहा की शिवम कुमार जैसे युवा ही देश की सच्ची ताकत हैं। उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति, नेतृत्व क्षमता और सेवा भावना आज के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।
इस अवसर पर सम्मान प्राप्त करते हुए शिवम कुमार ने कहा की भारत स्काउट्स एवं गाइड्स द्वारा सम्मानित होना मेरे लिए अत्यंत गर्व का विषय है। यह सम्मान मुझे समाज, पर्यावरण और राष्ट्र-निर्माण के कार्यों में और अधिक समर्पित होने की प्रेरणा देता है। ज्ञात हो कि शिवम कुमार पूर्व से ही कई विभिन्न सामाजिक, शैक्षिक एवं पर्यावरण संरक्षण अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। पटालसू पीक की सफलता उनके पर्वतारोहण जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, जिसने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान दिलाई है।
( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)









