A2Z सभी खबर सभी जिले की

दो लाख को दो करोड़ बनाने के लालच में पत्नी की हत्या, तीन दोषियों को उम्रकैद

दो लाख को दो करोड़ बनाने के लालच में पत्नी की हत्या, तीन दोषियों को उम्रकैद

*धनबाद :* बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में वर्ष 2021 में हुई सुनीता देवी हत्याकांड में अदालत ने शुक्रवार को बड़ा फैसला सुनाया. दो लाख रुपये को दो करोड़ रुपये बनाने के लालच में की गई इस निर्मम हत्या के तीनों दोषियों, आनंद महतो, राजेश नापित और छोटू महतो को अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश कुमार मनीष की अदालत ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई. साथ ही प्रत्येक दोषी पर 20-20 हजार रुपये जुर्माना भी लगाया गया है. हत्या की साजिश रचने वाला मृतका का पति और मुख्य आरोपी कृष्ण कुमार अब भी फरार है. पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है.
*घटना का विवरण*
29 जून 2021 को कुर्मीडीह स्थित मां तारा रेस्टोरेंट में कालूबाथान संग्रामडीह निवासी स्टेशन मास्टर कृष्ण कुमार की पत्नी सुनीता देवी की निर्मम हत्या कर दी गई थी. आरोपियों ने सबूत मिटाने के इरादे से शव को रेस्टोरेंट के सेप्टिक टैंक में फेंक दिया था.
*कैसे हुआ मामले का खुलासा*
मामला तब खुला जब मृतका की बेटी रेस्टोरेंट पहुंची और वहां पड़े चप्पल और दुपट्टा अपनी मां का होने की पहचान की. बेटी की शिकायत पर पुलिस ने रेस्टोरेंट के सेप्टिक टैंक की तलाशी ली, जहां से सुनीता देवी का शव बरामद हुआ.
*हत्या का तरीका*
आरोपियों ने सुनीता देवी को “दो लाख रुपये लगाओ, दो करोड़ रुपये कमाओ” का झांसा देकर रेस्टोरेंट बुलाया था. पति कृष्ण कुमार मां-बेटी को रेस्टोरेंट छोड़कर चला गया था. रेस्टोरेंट पहुंचने के कुछ ही देर बाद सुनीता देवी की हत्या कर दी गई.
*परिजनों ने ली राहत की सांस*
अदालत के फैसले के बाद मृतका के परिजनों ने राहत की सांस ली है. परिजनों का कहना है कि हालांकि मुख्य साजिशकर्ता पति अभी भी फरार है, लेकिन तीन हत्यारों को सजा मिलने से उन्हें काफी न्याय मिला महसूस हो रहा है.

Back to top button
error: Content is protected !!