
सागर।वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी 8225072664 * नरसिंहपुर जिले में सरकारी मूंग के भंडारण में कथित तौर पर मिट्टी और अन्य बाहरी पदार्थ मिलाए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। जांच के बाद मध्यप्रदेश वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक्स कॉर्पोरेशन से जुड़े जिला प्रबंधक समेत तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। मामले में शासन को करीब ₹28.14 करोड़ का नुकसान होने का अनुमान बताया गया है। नरसिंहपुर के माखननगर स्थित कनकधारा वेयरहाउस का है। शिकायत मिलने के बाद कलेक्टर के निर्देश पर 22 जुलाई को गठित टीम ने वेयरहाउस का औचक निरीक्षण किया था। जांच के दौरान सरकारी मूंग की 23 स्टैक में कथित गड़बड़ी सामने आई। रिपोर्ट के मुताबिक कई बोरियों में तय सीमा से अधिक मिट्टी और दूसरे बाहरी पदार्थ मिले, जबकि कुछ बोरियां पूरी तरह मिट्टी से भरी पाई गईं। इसके बाद वेयरहाउस को सील कर स्टॉक के नमूने जांच के लिए लैब भेजे गए। जांच रिपोर्ट में वेयरहाउस संचालक तारेश पुरोहित, तत्कालीन शाखा प्रबंधक श्याम होसले और जिला प्रबंधक वासुदेव डवडे को कथित लापरवाही और सरकारी संपत्ति के दुरुपयोग के लिए जिम्मेदार माना गया है। जिला विपणन अधिकारी अनिल जैन की शिकायत पर माखननगर थाने में तीनों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया गया है कि इसी वेयरहाउस में करीब एक साल पहले भी अनियमितता सामने आई थी, जिसके बाद जांच कर वेयरहाउस को ब्लैकलिस्ट किया गया था। इसके बावजूद दोबारा सरकारी मूंग के भंडारण को लेकर गड़बड़ी सामने आने से निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। एसडीएम देवेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक किसानों के हित से जुड़े मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिले के अन्य वेयरहाउसों की भी जांच किए जाने की बात कही गई है। FIR में आरोपी बनाए गए वेयरहाउस संचालक तारेश पुरोहित के निजी अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी भी सामने आई है।


